PM Modi: वाराणसी को पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात, एयरपोर्ट के पास बनेगी सिक्सलेन टनल, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
PM Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। 11 अप्रैल को उनके दौरे के दौरान एयरपोर्ट के पास एक अहम सिक्स लेन टनल परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। इस टनल के बनने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की राह आसान हो जाएगी।
वाराणसी एयरपोर्ट पर फिलहाल रोजाना करीब 45 विमानों की आवाजाही होती है, लेकिन नए इंफ्रास्ट्रक्चर से एक साथ दो विमान टेकऑफ और लैंड कर सकेंगे। इससे हर दिन लगभग 110 विमानों की आवाजाही संभव हो पाएगी, जो क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को नई रफ्तार देगा।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में वाराणसी को करोड़ों रुपये की अन्य परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। इसमें ट्रांसपोर्ट नगर, पार्कों का सौंदर्यीकरण, खेल स्टेडियम और कलाकृतियों की स्थापना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
बाबतपुर से पुरा रघुनाथ तक नई टनल
बाबतपुर चौराहे और बसनी से पुरा रघुनाथ तक राष्ट्रीय राजमार्ग 21 का हिस्सा खत्म कर वहां रनवे का विस्तार किया जाएगा। इसके स्थान पर 450 मीटर लंबी सिक्स लेन टनल का निर्माण होगा। साथ ही, करीब 2.4 किलोमीटर लंबी फोर लेन अप्रोच रोड बनाई जाएगी।
इस पूरी परियोजना पर कुल 652.64 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। सिर्फ टनल के निर्माण पर ही लगभग 325 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए आसपास के गांवों जैसे पुरा रघुनाथ, सोहना और बसनी से 10.50 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण हो चुका है।
ट्रांसपोर्ट नगर से भारी वाहनों को नया ठिकाना
वाराणसी विकास प्राधिकरण मोहनसराय में अत्याधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करेगा, जिस पर 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परिसर में 100 से अधिक ट्रकों की पार्किंग, ड्राइवरों के लिए डॉरमेट्री, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था की सुविधा होगी।
इससे शहर के अंदर भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी, जिससे ट्रैफिक की भीड़ और हादसों में गिरावट आएगी। ट्रांसपोर्ट सेक्टर को इससे बड़ा लाभ मिलेगा।
11 प्रमुख पार्क होंगे और खूबसूरत, शहर की सुंदरता में चार चांद
शहर के 11 पार्कों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इनमें अशोक नगर (ब्लॉक ए और बी), महादेव नगर, ऑफिसर्स कॉलोनी, पत्रकारपुरम और कांशीराम योजना के चार पार्क शामिल हैं। इसके अलावा शंकरपुरी (बिरदोपुर) पार्क को भी नया रूप दिया जाएगा।
इन पार्कों में बच्चों के खेलने की जगह, ओपन जिम, बैठने की सुविधाएं और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं होंगी, जो लोगों के लिए नई सुकूनभरी जगह बनेंगी।
35 नई कलाकृतियां करेंगी वाराणसी के चौराहों को रोशन
वाराणसी के विभिन्न चौराहों पर 35 कलात्मक प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें कथक करती नृत्यांगना, नंदी और शेर, सांडों की लड़ाई, बोधिवृक्ष, तेजस, रूद्राक्ष और घाटों की प्रतिकृति जैसी मूर्तियां होंगी, जो शहर की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी।
ये कलाकृतियां फुलवरिया, सिकरौल, सेंट्रल जेल रोड समेत प्रमुख स्थलों पर लगाई जाएंगी। इससे वाराणसी की छवि एक सांस्कृतिक स्मार्ट सिटी की तरह उभरेगी।
युवाओं को मिलेगा नया खेल मंच
वाराणसी विकास प्राधिकरण शिवपुर में 6.15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मिनी स्टेडियम का निर्माण करेगा। यहां ओपन जिम, इनडोर गेम्स, क्रिकेट नेट, योगा पैवेलियन, फुटबॉल और हॉकी फील्ड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
यह स्थान खेल प्रेमियों और युवाओं को फिटनेस और खेलों के लिए प्रेरित करेगा, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास संभव होगा।
इन बड़ी परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
- 130 ग्रामीण पेयजल योजनाएं - ₹345.12 करोड़
- उमरहां-अटेसुवा मार्ग सुदृढ़ीकरण - ₹43.85 करोड़
- बाबतपुर-जमालापुर मार्ग सुदृढ़ीकरण - ₹32.73 करोड़
- सेवापुरी तक चौड़ीकरण - ₹21.98 करोड़
- रामनगर मार्ग सुदृढ़ीकरण - ₹5.79 करोड़
- पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल - ₹24.96 करोड़
- पीएसी रामनगर बैरक निर्माण - ₹10.02 करोड़
- छह वार्डों का सुंदरीकरण - ₹27.33 करोड़
- सामनेघाट और शास्त्री घाट विकास - ₹10.55 करोड़
- मांडवी तालाब पर्यटन विकास - ₹4.18 करोड़
- पॉलीटेक्निक और कॉलेज निर्माण - ₹18.30 करोड़
- 100 आंगनबाड़ी केंद्र और 356 पुस्तकालय - ₹19.12 करोड़
- शहर में स्कल्पचर - ₹9.34 करोड़
- 400 केवी सब स्टेशन (साहूपुरी, मछलीशहर, भदौरा) - ₹1,045.41 करोड़












Click it and Unblock the Notifications