PM Modi: करोड़ों की सौगात देने वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री, एयरपोर्ट पर सीएम ने किया स्वागत
PM Modi in Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार दोपहर 2:53 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचने पर एयरपोर्ट एप्रन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
स्वागत के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से वाराणसी के कटिंग मेमोरियल के लिए प्रस्थान किए। कटिंग मेमोरियल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। कटिंग मेमोरियल में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से नमो घाट जाएंगे। नमो घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी तमिल संगमम का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके अलावा वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में कई अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि नमो घाट पर कार्यक्रम संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोदौलिया और दशाश्वमेध इलाके का भ्रमण भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए गोदौलिया समेत आने इलाकों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वाराणसी आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात में X पर मैसेज शेयर करते हुए लिखा था कि कल शाम से मैं काशी के अपने बहनों और भाइयों के बीच रहूंगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा में हिस्सा लूंगा और बाद में काशी तमिल संगमम कार्यक्रम का उद्घाटन करूंगा, जो एक ऐतिहासिक मंच है। जो हमारी अनूठी सांस्कृतिक परंपराओं और विविधताओं का जश्न मनाता है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लिखा गया कि नए भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उनकी काशी में 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से हार्दिक स्वागत और अभिनंदनǃ बाबा श्री विश्वनाथ की पावन नगरी में अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रगाढ़ता प्रदान करेंगे। काशी तमिल संगमम के द्वितीय संस्करण का उद्घाटन और कन्याकुमारी- वाराणसी तमिल संगमम ट्रेन का शुभारंभ करने के साथ ही वाराणसी और आसपास के क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर जगह-जगह मौजूद रहे लोग
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल के लिए रवाना हुए। ऐसे में वाराणसी एयरपोर्ट से लेकर शहर तक सड़क किनारे मौजूद लोगों ने हर-हर महादेव के नारे लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।












Click it and Unblock the Notifications