PM in Varanasi: गुलाब की पंखुड़ियों से हुआ पीएम का स्वागत, लगे मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे
PM Modi in Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहुंचे। विशेष विमान से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद हवाई अड्डे के एप्रन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित अन्य नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया।
स्वागत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई अड्डे से बाहर निकले तो गेट से लेकर वाराणसी बाबतपुर फोरलेन के किनारे काफी संख्या में मौजूद लोगों द्वारा गुलाब की पंखुड़ियां का छिड़काव करते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाथ हिलाते हुए काशी की जनता का अभिवादन स्वीकार किए।

प्रधानमंत्री द्वारा हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करने पर वहां मौजूद कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और फिर जमकर मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाए। कई जगह ढोल नगाड़े बजाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। सड़क मार्ग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला 3:40 बजे कटिंग मेमोरियल पहुंचा।
कटिंग मेमोरियल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जाएगा। उसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के द्वितीय संस्करण का शुभारंभ करेंगे।
संभावना जताई जा रही है कि नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के गोदौलिया व दशाश्वमेघ इलाके में भ्रमण कर सकते हैं। ऐसे में वाराणसी में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन और बनारस रेलवे स्टेशन का भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरीक्षण करने जा सकते हैं, हालांकि इसके बारे में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।












Click it and Unblock the Notifications