Gyanvapi ASI Survey रिपोर्ट को चार हफ्ते तक सार्वजनिक न करने की अर्जी, मामले पर कल भी होगी सुनवाई
Gyanvapi ASI Survey: वाराणसी ज्ञानवापी मामले को लेकर कराए गए ASI Survey की रिपोर्ट सार्वजनिक न करने की एएसआई की तरफ से अपील की गई है। कहा गया है कि चार हफ्ते तक सर्वे रिपोर्ट को सार्वजनिक न किया जाए।
यह भी बता दें कि सर्वे रिपोर्ट की हार्ड कॉपी हिंदू पक्ष द्वारा मांगी गई थी। वहीं मुस्लिम पक्ष द्वारा भी सर्वे रिपोर्ट को सार्वजनिक न किए जाने की मांग पहले ही की जा चुकी है। अब एएसआई द्वारा भी चार सप्ताह सर्वे की रिपोर्ट को सार्वजनिक न करने की मांग की गई है।

इसके लिए एएसआई के अधिवक्ताओं द्वारा कहा गया है कि सर्वे रिपोर्ट की द्वितीय प्रति सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट को भी सौंपी जानी है। रिपोर्ट सौंपने में करीब चार सप्ताह का समय लग सकता है। जब तक रिपोर्ट न सौंप दी जाए तब तक उसे सार्वजनिक न की जाय।
मामले में हिंदू पक्ष द्वारा रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र का विरोध किया गया। इस मामले में हिंदू पक्ष के अधिवक्ताओं द्वारा कहा गया कि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिससे सर्वे रिपोर्ट को गोपनीय रखा जाए।
यह भी कहा गया कि सर्वे किए जाने के बाद पत्रावली जब कोर्ट में दाखिल कर दी गई है तो उसे आम जनमानस को जानना अति आवश्यक है। सर्वे रिपोर्ट को गोपनीय बनाकर अनावश्यक माहौल बनाया जा रहा है। मांग की गई की एएसआई द्वारा दिया गया प्रार्थना पत्र स्वीकार योग्य नहीं है।
इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद जिला जज डॉक्टर अजय कृष्ण विश्वेस की कोर्ट द्वारा आदेश को सुरक्षित रख लिया गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को इस मामले में कोर्ट द्वारा आदेश सुनाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications