Power Cut in UP: वाराणसी में कहीं कुएं से पानी निकालते दिखे लोग तो कहीं सड़क किए जाम, मचा हाहाकार
Power Cut in UP: वाराणसी जिले के कई इलाकों में गुरुवार रात से ही बिजली नहीं है, जिसके चलते लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं। रविवार को कई इलाकों में लोगों ने सड़क जाम किया।

Power Cut in UP: विद्युत कर्मियों के प्रदेश व्यापी हड़ताल के चलते चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। वाराणसी के कई इलाकों में गुरुवार रात से ही बिजली नहीं है। आलम यह है कि मोबाइल फोन बंद हो गए हैं और पेयजल के लिए लोग परेशान नजर आ रहे हैं। कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और सड़क जाम कर नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं उत्तरी ककरमत्ता इलाके में लोग कुएं से पानी निकाल कर पी रहे हैं।
कई क्षेत्रों में लोगों ने सड़क पर लगाया जाम

बिजली कटौती के चलते परेशान लोग रविवार सुबह में आक्रोशित हो गए। रविवार को वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में लोगों द्वारा सड़क जाम कर नारेबाजी की गई। सुबह में भदैनी के रहने वाले कुछ लोगों केंद्र पर पहुंचे उसके बाद लोग उपकेंद्र के सामने ही सड़क पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। इसी तरह पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने भदऊं चुंगी पर भी जाम लगा दिया। यह सड़क पर जाम लगाए जाने के चलते वाराणसी से मुगलसराय मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जाम कर रहे महिलाओं पुरुषों को समझाने में जुटी रही। इसी तरह सारनाथ क्षेत्र के आशापुर ओवरब्रिज के पास भी लोगों ने सड़क जाम कर दिया उसके बाद सारनाथ इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को शांत कराए।
200 रुपए घंटे में चल रहे जनरेटर

वाराणसी जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनरेटर की डिमांड भी बढ़ गई है। जनरेटर की डिमांड बढ़ने के चलते टेंट हाउस संचालकों की भी चांदी है। छोटे जनरेटर पिकअप पर रखकर 200 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से चलाया जा रहा है। कई टेंट हाउस संचालक अलग-अलग इलाकों में पिकअप पर जनरेटर लेकर घूमते नजर आ रहे हैं। अधिकतर क्षेत्रों में लोग जनरेटर के द्वारा समर्सिबल पंप चला कर लोग पानी पीने का इंतजाम कर रहे हैं। वाराणसी के काजी सराय में एक जनरेटर संचालक से इस बाबत जानकारी ली गई तो उसने कहा कि रविवार रात 8 बजे तक उसकी बुकिंग हो चुकी है और वह खाली नहीं है। उसने यह भी कहा कि कई लोगों द्वारा एडवांस में भी पैसा जमा कर दिया गया है। किसी के द्वारा एक घंटे तो किसी के द्वारा आधे घंटे के लिए जनरेटर की बुकिंग की गई है।
10 रुपए प्रति घंटे में चार्ज हो रहे मोबाइल

मोबाइल डिस्चार्ज हो जाने के चलते भी लोग काफी परेशान हैं। लोगों द्वारा मोबाइल चार्ज करने के लिए हॉस्पिटल व होटल का सहारा लिया जा रहा है। कई जगह लोग मोबाइल लेकर भटकते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर रविवार दोपहर में फोटो वायरल हुआ। बताया जा रहा है कि यह फोटो वाराणसी जिले के मंडुआडीह इलाके की है। मंडुआडीह इलाके में प्रति घंटे 10रुपए शुल्क लेकर मोबाइल को चार्ज किया जा रहा है। हालांकि वनइंडिया हिंदी द्वारा इस बात की पुष्टि नहीं की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications