Varanasi News: दोपहर में जारी हुआ आदेश, रात में फोर्स संग पहुंचे अधिकारी, ज्ञानवापी तहखाने में शुरू हुई पूजा
ज्ञानवापी परिसर में स्थित व्यास जी के तहखाने में बुधवार को पूजा करने का आदेश जीरी होने के बाद देर रात पूजा शुरू हो गई। रात में तहखाना परिसर में दीप-जलाकर लक्ष्मी गणेश की आरती उतारी गई।
इसके साथ ही तहखाने की दीवार पर बने हिंदू धर्म से जुड़े धार्मिक चिन्हों की भी पूजा की गई। कोर्ट का फैसला आने के बाद शाम को अधिकारी ज्ञानवापी परिसर पहुंचकर तहखाने का निरीक्षण किए। उसके बाद रात में कई थानों की फोर्स बुला ली गई

रात में वाराणसी कमिश्नर के साथ ही जिले के आला अफसर भी मौके पर पहुंचे। रात करीब 9 बजे के आसपास श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने के बाद काशी विश्वनाथ धाम के गेट संख्या चार से श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया था।
प्रवेश रोकने के बाद प्रशासन द्वारा लगवाई गई बैरिकेडिंग को हटाने का काम शुरू हुआ। फिर काशी विश्वनाथ ट्रस्ट से जुडे़ लोगों द्वारा तहखाना परिसर में साफ-सफाई की गई और पूजा सामग्री लाई गई। तैयारी पूरी हो जाने के बाद पांच पुजारियों को बुलाकर वहां पर पूजा-पाठ शुरू करा दिया गया।
31 साल बाद शुरू हुई पूजा
दरअसल, वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में स्थित व्यासजी के तहखाने में साल 1993 से पहले पूजा होती थी। लेकिन तत्कालीन सरकार द्वारा पूजा पर रोक लगा दिया गया था। उसके बाद से ही ज्ञानवापी के तहखाना में पूजा नहीं होती थी।
इस मामले में हिंदू पक्ष द्वारा कोर्ट में अर्जी दाखिल कर ज्ञानवापी में स्थित व्यास जी के तहखाना में पूजा पाठ की अनुमति मांगी गई थी। चल रही सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की अपील सुनने के बाद बुधवार को जिला जज डॉक्टर अजय कृष्ण विश्वेश द्वारा व्यास जी के परिवार को पूजा की अनुमति दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications