UP News: ओपी राजभर बोले, सपा में शिवपाल को संदेह की नजर से देखा जाता है, राहुल गांधी पर भी दिया बड़ा बयान
UP News: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव और स्वामी प्रसाद मौर्य और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव को संदेह की नजर से देखा जाता है। इसी तरह उन्होंने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर भी बड़ी बात कही। इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी के अयोध्या दौरे को लेकर भी सवाल उठाए और राहुल गांधी पर तंज भी कसा।

दरअसल, सोनभद्र में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को शामिल होने के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शनिवार को वाराणसी पहुंचे। वाराणसी के सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों ने ओमप्रकाश राजभर से बातचीत किया। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के दलित सहभोज को ड्रामा बताया।
अखिलेश यादव के सीट बांटने वाले बयान को लेकर सवाल पूछने पर ओपी राजभर ने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी के साथ रहा हूं और अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे के दौरान मेरा भी पेट भर दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव को भी संदेह की नजर से देखा जाता है।
इसके अलावा राहुल गांधी के अयोध्या जाने वाली खबर को लेकर उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कौन सा बड़ा तोप लेकर अयोध्या जा रहे हैं, दर्शन करने से वोट नहीं मिलता है। आगे उनसे सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा हिंदू धर्म पर की जा रही बयान बाजी को लेकर प्रश्न किया गया।
जिस पर ओमप्रकाश राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर बयान देते हुए कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी को जब तक रसातल में नहीं पहुंचा देंगे तब तक वह दम नहीं लेंगे और इसीलिए स्वामी प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी में इसीलिए भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications