वाराणसी के 39 गांवों में जमीन की रजिस्ट्री के लिए लेनी होगी NOC, जानिए क्यों जारी करना पड़ा ऐसा आदेश?
वाराणसी में रिंग रोड और हाईवे के किनारे सरकार द्वारा टाउनशिप बसाने की योजना बनाई गई है। इस योजना को सफल बनाने की कवायद जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। जिसके चलते वाराणसी जिले के हाईवे और रिंग रोड से सटे 39 गांवों में जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए अब NOC लेना अनिवार्य कर दिया गया है।
इन गांव में कुछ गांव की आंशिक जमीन है जबकि कुछ गांव पूरी तरह योजना में समाहित हो जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी एस राजलिंगम द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा आदेश जारी किए जाने के बाद इन गांव में अब भूमि की रजिस्ट्री एनओसी लेने के बाद ही कराई जा सकेगी।

जिले के आला अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इसके लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जो भी व्यक्ति योजना के लिए चयनित गांव में भूमि की खरीद बिक्री करना चाहते हैं उन्हें अपर जिलाधिकारी प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना पड़ेगा। इसके लिए तहसील में स्थित उप निबंधन कार्यालय के बाहर और कलेक्ट्रेट में स्थित उप निबंधन के बाहर गांवों की नोटिस भी चस्पा कर दी गई है।
इन गांव में जमीन की रजिस्ट्री के लिए लेना पड़ेगा एनओसी
जारी सूचना में बताया गया है कि वर्ल्ड सिटी एक्सपो के लिए रिंग रोड फेज 1 के किनारे हरहुआ ब्लाक के बझियां, विशुनपुर, देवनाथपुर, हरहुआ, इदिलपुर, मिर्जापुर, प्रतापट्टी, रामसिंहपुर, सिंहापुर, वाजिदपुर आदि कुल 10 गांवों को शामिल किया गया है। इसी तरह वैदिक सिटी के लिए सारनाथ इलाके के सिंहपुर, सथवां, हसनपुर, पतरेवा और ह्दृयपुर को शामिल किया गया है। वहीं काशी द्वार योजना के तहत बहुतरा, बसनी, बेलवां, पुरारघुनाथपुर, चकइंदर, जद्दूपुर, पिंडरा, पिंडराई, कैथौली, समोगरा आदि गांव से जमीन ली जाएगी। इसके अलावा वरुणा विहार फेज एक और दो के लिए कैलहट, भगतूपुर, कोईराजपुर, गोसाईपुर अठगांवा, लोहरापुर, गोसाईपुर, वीरसिंहपुर, सरवनपुर, वाजिदपुर, सहाबुद्दीनपुर आदि गांव से जमीन ली जाएगी।
वाराणसी में हाईवे और रिंग रोड के किनारे कुल 5 टाउनशिप बसाए जाने हैं जिसके लिए 1214.6 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जानी है। वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा भूमि अधिग्रहण तथा पांचो टाउनशिप के लिए शासन से 17630 करोड़ रुपये की मांग की गई है। बजट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी हालांकि इससे पहले वीडीए तैयारियों में जुटा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications