वाराणसी में रजिस्ट्री होगी महंगी, अगस्त में लागू होगा नया सर्किल रेट
वाराणसी में लागू किया जाएगा नया सर्किल रेट जिससे जमीनों की रजिस्ट्री होगी महंगी‚ अगस्त में लागू होगा सर्किल रेट
वाराणसी, 23 जुलाई : वाराणसी में नया सर्किल रेट लागू करने के लिए तेजी से कवायद चल रही है। पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा बैठक करके इस बारे में जानकारी ली गई थी। अब निबंधन कार्यालय द्वारा तेजी से तैयारियां चल रही हैं और बताया जा रहा है कि अगस्त माह में वाराणसी जिले में नया सर्किल रेट लागू कर दिया जाएगा। सर्किल रेट लागू करने के लिए सब रजिस्टार के साथ ही राजस्व विभाग के कानूनगो और लेखपाल भी क्षेत्र में सर्वे में जुटे हुए हैं। जैसे ही यह कार्य पूरा हो जाएगा उसके बाद प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची निबंधन कार्यालय और तहसील में चस्पा कर दी जाएगी। सूची चस्पा किए जाने के बाद एक सप्ताह तक लोगों द्वारा इस पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। उसके बाद इसे फाइनल कर दिया जाएगा।

खरीददार बनकर पता कर रहे हैं रेट
नए सर्किल रेट लागू करने के लिए निबंधन कार्यालय से जुड़े लोग और लेखपाल खुद भूमि खरीदने के लिए गांवों और क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं और लोगों से जमीन के वास्तविक रेट के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। खास तौर पर हरहुआ से राजातालाब तक बने रिंग रोड फेज 2 और हरहुआ से संदहा तक बने रिंग रोड फेज 1 के किनारे बसे गांवों की जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके अलावा वाराणसी-बाबतपुर फोर लेन और वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग तथा वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर अधिकारियों द्वारा जमीनों के रेट की जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। ऐसे में बाजार में जमीनों की वर्तमान और सही कीमत क्या है, उसकी जानकारी पता चलेगी और उसी के अनुसार सर्किल रेट निर्धारित किया जाएगा।
एक साल में 4 गुना बढ़ गए खरीददार
निबंधन कार्यालय के आंकड़ों की मानें तो कोविड काल में जहां जमीनों की खरीद फरोख्त कुछ कम हुई थी लेकिन उसके बाद वित्तीय वर्ष 2021-22 में इसमें 4 गुना इजाफा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में जहां 4 हजार लोगों ने जमीन का क्रय विक्रय किया था। वहीं वित्तीय वर्ष 2021-22 में इनकी संख्या 4 गुना से भी अधिक हो गई। वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 18 हजार लोगों ने जमीन का क्रय विक्रय किया था। इन आंकड़ों से पता चलता है कि जमीन के क्रय विक्रय पर कोरोना का कोई खास असर नहीं पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications