काशी में नरेंद्र मोदी- मंदिरों में सन्नाटा, लोग चले रैली की ओर

काशी में आयोति होने वाली विजय शंखनाद रैली को नरेंद्र मोदी दोपहर 2 बजे संबोधित करेंगे। मोदी रैली को संबोधित करने से पहले संकट मोचन और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। कार्यक्रम तो नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि मोदी काल भैरव मंदिर भी जा सकते हैं। मोदी व राजनाथ का काशी के कोतवाल माने जाने वाले भैरवनाथ मंदिर जाने का कोई अधिकृत कार्यक्रम नहीं है, पर माना जा रहा है कि दोनों नेता वहां भी जाएंगे।
मोदी के साथ पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी होंगे। रैली में जुटने वाली भीड़ यह बताएगी कि पिछले कुछ समय से पूर्वांचल में पकड़ व पहुंच बनाने के लिए संघर्ष कर रही भाजपा कहां तक सफल हुई है। मोदी के भाषण से उन अटकलों को भी कुछ दिशा मिल सकती है, जिनमें उनके वाराणसी से भी चुनाव लड़ने की संभावनाएं जताई जाती रही हैं।
काशी के कोतवाल माने जाने वाले भैरवनाथ मंदिर जा सकते हैं मोदी
भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह वाराणसी पहुंच चुके हैं। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी 15 दिसंबर से वाराणसी में हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी व प्रदेश सहप्रभारी त्रिवेंद्र रावत भी काशी पहुंच चुके हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने दावा किया कि काशी क्षेत्र की रैली एक नया कीर्तिमान बनाएगी। मोदी की उत्तर प्रदेश में यह पांचवी रैली होगी। इससे पहले कानपुर, झांसी, बहराइच और आगरा में उनकी रैली हो चुकी है।
रैली स्थल के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंताजाम किए गए हैं। आइजी जोन वाराणसी के स्तर से सिविल पुलिस और यातायात पुलिस की व्यवस्था होगी। रैली स्थल के लिए दो अपर पुलिस अधीक्षक, सात उपाधीक्षक, 25 निरीक्षक, 25 महिला उप निरीक्षक, प्रांतीय सशस्त्र बल की 12 कंपनियां और त्वरित कार्रवाई बल की एक कंपनी तैनात की गई है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए बम निरोधक दस्ता, एंटी माइंस टीम और विशेष कार्य बल का कमांडो दस्ता भी तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications