वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं ने उतारी पीएम की आरती, सोहर गाकर मनाया जन्मदिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 73वां जन्मदिन पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में भी कई तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा वाराणसी की आम जनता भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मना रही है।
सुबह में जहां विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी और अन्य लोगों द्वारा मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया, शहर में कई जगह स्वच्छता अभियान चलाए गए तथा अन्य आयोजन भी हुए। वहीं दोपहर में मुस्लिम महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरती उतारी गई। आरती उतारने के बाद महिलाओं ने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना की।

दरअसल, वाराणसी के लमही में स्थित सुभाष भवन में रविवार को दोपहर में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल अध्यक्ष नाजनीन अंसारी एवं विशाल भारत संस्थान कि नेता नजमा परवीन की अगुवाई में दर्जनों मुस्लिम पहला एकत्र हुईं। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी आरती उतारी तथा ढोल बजाते हुए महिलाओं ने सोहर भी गाया।
इतना ही नहीं महिलाओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया और 'मुस्लिम बहनों की पुकार, हर जगह हो मोदी सरकार' जैसे नारे भी लगाए। नाजनीन अंसारी और नजमा परवीन की ओर से ऐलान किया गया कि 10 हजार मुस्लिम महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुस्लिम महिला अधिकार दिवस देने के लिए धन्यवाद देंगी।
नाजनीन अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुस्लिम बहन-बेटियों के लिए अभिभावक हैं और वह हमेशा मुस्लिम बहन-बेटियों की चिंता करते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा न कभी कोई हुआ है और न कभी कोई होगा। इसके अलावा लोगों ने यह भी कहा कि देश की महिलाएं, बेटियों की सामाजिक सुरक्षा की गारंटी के लिए हमेशा प्रधानमंत्री की ऋणी रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications