गाजीपुर में रात में हुई मुठभेड़, एक बदमाश घायल और दूसरा फरार
गाजीपुर के दुल्हपुर में पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, उसका एक साथी मौके से हुआ फरार
गाजीपुर, 25 जुलाई : गाजीपुर जिले में देर रात दो बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया जबकी उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। घायल बदमाश को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल बदमाश के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसपर 25 हजार रूपए का इनाम भी रखा गया था।

दोनों बदमाश पुलिस पर करने लगे फायर
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर रोहन पी बोत्रे ने बताया कि दुल्हपुर में दुल्हपुर थाने की पुलिस और स्वाट टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। उसी समय जलालाबाद की ओर से एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उनको रुकने का इशारा किया गया, जिसपर बाइक सवार पुलिस टीम पर फायर करने लगे। फायर करते हुए बाइक सवार हंसराजपुर की तरफ भागे। पुलिस ने उनका पिछा कर लिया और कंट्रोल रूम को भी इसकी सूचना दी गई। दोनों बदमाश धामपुर की तरफ मुड़ रहे थे उसी समय बाइक अनियंत्रित हो गई और बदमाश नीचे गिर गए।

चेतावनी के बावजूद करते रहे फायर
धामपुर मोड़ पर गिरने के बाद दोनों बदमाश पुलिस टीम पर फिर से फायर करने लगे। पुलिस टीम द्वारा उन्हें चेतावनी दी गई लेकिन वे नहीं माने। उसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग किया जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी बदमाश वहां से भाग निकला। पुलिस टीम घायल बदमाश के पास पहुंची तो उसने अपना नाम रणजीत सिंह उर्फ गोलू पुत्र विंध्याचल सिंह निवासी नसीरपुर थाना जंगीपुर बताया। वहीं भागने वाले का नाम अनुज पाठक उर्फ चीकू निवासी बीरपुर थाना भंवरकोल बताया। घायल बदमाश को पुलिस टीम सदर अस्पताल ले गई जहां उसका उपचार चल रहा है।

एक सप्ताह पूर्व चालक को मारे थे गोली
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने बताया कि घायल बदमाश कई थानों का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर के मुकदमे भी पंजीकृत हैं। लूट और हत्या से जुड़े हुए मुकदमे भी उसके खिलाफ पंजीकृत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 18 जुलाई 2022 को यही लोग पिकअप को लूटने का प्रयास किए थे और चालक को भी गोली मारे थे। इस मामले में भी घायल बदमाश के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है।












Click it and Unblock the Notifications