Mauritius PM ने वाराणसी में की षोडशोपचार पूजा, अब काशी दर्शन के बाद अयोध्या जाकर करेंगे रामलला के दर्शन
Mauritius PM: वाराणसी इस समय खास मेहमान की मेजबानी कर रहा है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम शुक्रवार सुबह कालभैरव और विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहीं।
प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम वाराणसी दौरे के अंतिम दिन का हिस्सा है। मंदिरों में पूजा के बाद वे होटल लौटकर थोड़ी देर विश्राम करेंगे। इसके बाद उनका काफिला वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होगा जहां से वे विशेष विमान से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे।

इससे पहले वाराणसी पहुंचने के बाद बुधवार शाम को उनके वाराणसी आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया था। उसके बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान चार महत्वपूर्ण समझौतों पर भारत और मॉरीशस के बीच हस्ताक्षर भी हुए थे।
यह भी बता दे कि इससे पहले गुरुवार की रात में मॉरीशस के PM नवीनचंद्र रामगुलाम विवेकानंद क्रूज से दशाश्वमेध घाट पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने डेलिगेट्स के साथ मां गंगा की आरती की। इस दौरान उनके साथ कुछ 70 डेलिगेट्स मौजूद रहे। गंगा नदी में बाढ़ के कारण गंगा आरती छत पर ही संपन्न हुई।
इसके अलावा विवेकानंद क्रूज पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री और डेलिगेट्स को वाराणसी सिल्क का अंग वस्त्रम भी भेंट किया गया। इस दौरान मॉरीशस के पीएम ने मां गंगा को पुष्प अर्पित कर प्रणाम किया और आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ सेल्फी भी ली।
वाराणसी से जाएंगे अयोध्या, करेंगे रामलला के दर्शन
वाराणसी से अयोध्या पहुंचने के बाद मॉरीशस के प्रधानमंत्री का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। एयरपोर्ट पर संपर्क मार्ग से लेकर शहर तक लोक कलाकार पारंपरिक नृत्य और गीतों के जरिए विदेशी मेहमान का अभिनंदन करेंगे। इसके बाद उनका काफिला श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की ओर बढ़ेगा।
एयरपोर्ट से करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करके वे रामलला के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। मंदिर परिसर में लगभग डेढ़ घंटे का उनका प्रवास तय है। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना के साथ मंदिर निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया जाएगा।
विशेष अनुष्ठान और सांस्कृतिक जुड़ाव
अयोध्या में प्रधानमंत्री रामलला के दर्शन करेंगे। साथ ही जटायु और अंगद टीले पर जाकर शिव का जलाभिषेक भी करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे और मंदिर की प्रगति की जानकारी देंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। वाराणसी से अयोध्या तक सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एयरपोर्ट और मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर कार्यक्रम की समीक्षा की।












Click it and Unblock the Notifications