Lok Sabha Election 2024: वाराणसी के कमिश्नर को हटाने की मांग, चुनाव आयोग को भेजा गया पत्र
Varanasi Lok Sabha Election 2024: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष और वाराणसी से INDIA गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने वाराणसी के कमिश्नर को हटाने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग को पत्र लिखने की भी बात कही है।
अजय राय का कहना है कि 5 साल से मंडलायुक्त एक ही स्थान पर जमे हुए हैं। ऐसे में उनको यहां से हटाने के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा गया है। इस बात की जानकारी उन्होंने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।

साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार में नेताओं को ही खरीदा जा रहा है। अजय राय ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान यह भी कहा कि मुझे भी तोड़ने के लिए बहुत प्रयास किया गया।
लेकिन अब सभी लोगों का भ्रम दूर हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई माई का लाल नहीं है जो हमें खरीद सके, कोई हमें झुका नहीं सकता और कोई हमें तोड़ नहीं सकता। क्योंकि हम काशीवासी हैं और महादेव के भक्त हैं। हमारे लिए पद प्रतिष्ठा और पैसा मायने नहीं रखता है।
हम सम्मान और स्वाभिमान के लिए राजनीति करते हैं। अजय हटने वाला नहीं लड़ने वाला है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि पिछले 10 साल में कौन सी ऐसी योजना का उद्घाटन किया गया जिससे आम जनता को कोई सुविधा मिली हो या रोजगार मिला।
इसके अलावा अजय राय ने एक्स पर लिखा कि वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में अनवरत आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के पक्ष में प्रशासनिक तंत्र खुलकर पक्षपात का खेल-खेल रहा है और लोकतंत्र का अपमान कर रहा है। प्रधानमंत्री का यह पूरा खेल इसलिए चल रहा है क्योंकि उन्हें इस चुनाव में अपनी हार सामने दिख रही है।
हेट स्पीच के मामले में निर्वाचन आयोग ने जारी की नोटिस: यह भी बता दें कि हेट स्पीच के मामले में शनिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अजय राय को नोटिस जारी किया गया है। अजय राय पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी।
इस मामले में भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक शशांक त्रिपाठी द्वारा अजय राय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शशांक त्रिपाठी का आरोप है कि 30 अप्रैल को अजय राय ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता की थी। प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने कोविड वैक्सीन के खिलाफ बयान बाजी की।
उनका यह भी आरोप है कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और बिना किसी साक्ष्य के प्रधानमंत्री को हत्यारा बताया गया था जो आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।












Click it and Unblock the Notifications