कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर केस दर्ज, IIT BHU में छात्रा संग छेड़छाड़ मामले में दिया था बयान
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU)में छात्रा के साथ छेड़खानी प्रकरण में छात्र संगठन एबीवीपी पर बयान देने के मामले में उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। छात्र नेताओं द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
वहीं इस मामले को लेकर नाराज छात्रों द्वारा काशी हिंदू विश्वविद्यालय में अजय राय के खिलाफ नारेबाजी की गई और राहुल गांधी तथा अजय राय का पुतला भी फूंका गया। छात्रों द्वारा आरोप लगाया गया कि अजय राय जांच को भटकाने और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

दरअसल, आईआईटी बीएचयू की एक छात्रा के साथ बीते दिनों रात में छेड़खानी हुई थी। छेड़छाड़ करने वालों ने उसके कपड़े उतरवा कर वीडियो भी बना लिया था। इस मामले में बयान देते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि आईआईटी बीएचयू में जिस बच्ची के साथ छेड़खानी हुई है, उसमें भी सीधा नाम विद्यार्थी परिषद के लोगों का आ रहा है।
अजय राय द्वारा बयान दिए जाने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता नाराज हो गए। नाराज छात्र नेताओं द्वारा शुक्रवार शाम बीएचयू परिसर में अजय राय के खिलाफ नारेबाजी की गई और अयज राय का पुतला जलाते हुए पुलिस से शिकायत की गई।
इस मामले में तहरीर के आधार पर वाराणसी के लंका थाने में अजय राय के खिलाफ धारा 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस बारे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता ने कहा कि एबीवीपी छात्र-छात्राओं के साथ हमेशा रही है। यह भी कहा गया कि कांग्रेस नेता अजय राय द्वारा ऐसी टिप्पणी करके मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications