वाराणसी में खनन माफियाओं ने जिला खनन अधिकारी के साथ की अभद्रता
वाराणसी में अवैध खनन कर रहे लोगों ने जिला खनन अधिकारी से की अभद्रता, कर्मचारी को जेसीबी से कुंचलने का किए प्रयास
वाराणसी, 21 जुलाई : वाराणसी जिले में अवैध खनन माफिया कितने सक्रिय और दबंग है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद छापेमारी करने पहुंचे खनन अधिकारी के साथ खनन माफियाओं ने अभद्रता की। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि खनन माफियाओं ने एक कर्मचारी को जेसीबी से कूंचलने का प्रयास किया। जिला खनन अधिकारी द्वारा इस बारे में बड़ागांव पुलिस से लिखित शिकायत की गई है, लेकिन पुलिस द्वारा इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

करोमा गांव में हो रहा था अवैध खनन
बड़ागांव थाना क्षेत्र के करोमा गांव में रात में अवैध खनन हो रहा था। अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिलने के बाद जिला खनन अधिकारी पारिजात त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एक जेसीबी द्वारा मिट्टी खनन किया जा रहा था और ट्रैक्टरों द्वारा मिट्टी की ढुलाई की जा रही थी। उसके बाद उन्होंने एक ट्रैक्टर चालक को रोककर पूछताछ किया तथा उनके साथ मौजूद एक कर्मचारी जेसीबी के पास पहुंचा और उसपर चढ़कर बंद करने के लिए कहा। जेसीबी चालक जेसीबी को आगे बढ़ा दिया और वह कर्मचारी को घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया, उसके बाद विद्युत पोल से टकराने के चलते जेसीबी रूक गई। जेसीबी रूकने पर अन्य कर्मचारियों ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद वहां पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और गाली-गलौज देने लगे। लोगों द्वारा जिला खनन अधिकारी को धमकी दी गई और उनके साथ अभद्रता भी किया गया।

होमगार्ड के सहारे सुरक्षा संभव नहीं
उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं द्वारा लगातार ऐसी घटनाएं की जा रही हैं, ऐसे में होमगार्ड के सहारे सुरक्षा संभव नहीं है। टीम में एक बंदूकधारी पुलिसकर्मी होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अभी हरियाणा में जैसी घटना हुई है उस तरह की घटनाएं यहां भी हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा उन्हें जो होमगार्ड मिले हैं वह 40 साल से अधिक उम्र के हैं ऐसे में होमगार्ड कार्रवाई के दौरान सुरक्षा नहीं कर पाते हैं। खनन माफिया इतने दबंग हो चुके हैं कि वह कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह आरटीओ से जुड़े अधिकारियों के पास पुलिसकर्मी होते हैं, उसी तरह खनन अधिकारी के भी साथ पुलिसकर्मियों होने चाहिए। जिससे कार्रवाई करने में आसानी हो।

ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय हैं खनन माफिया
जिला खनन अधिकारी परिजात त्रिपाठी ने बताया कि जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्रों में अवैध खनन माफिया सक्रिय हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि बड़ागांव, फूलपुर, सिंधौरा, चोलापुर, चौबेपुर, कपसेठी, जंसा, राजातालाब, मिर्जामुराद, लोहता आदि थाना क्षेत्रों में भी खनन माफिया सक्रिय हैं। यह भी बता दें कि मंगलवार की रात्रि में मझमिटियां गांव निवासी अनुराग सिंह(25) द्वारा चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में साइट पर मिट्टी गिरवाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान प्रकाश, उदय और गोलू आदि तीन लोगों ने मिट्टी गिराने के काम को ही लेकर हुए विवाद में अनुराग सिंह को गोली मार दी। अनुराग का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। गोली मारने वाले आरोपियों को पुलिस तलाश रही है।












Click it and Unblock the Notifications