IIT BHU: बीएचयू में बाउंड्री निर्माण की बात से छात्र नाराज, बोले- महामना की बगिया को बंटने नहीं दिया जाएगा
IIT BHU: वाराणसी में आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद छात्र काफी आक्रोशित हैं। इसके अलावा आईआईटी बीएचयू को बाउंड्री वॉल बनाकर विश्वविद्यालय परिसर से अलग करने को लेकर भी छात्रों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि महामना मदन मोहन मालवीय की बगिया को किसी भी कीमत पर हम बंटने नहीं देंगे। धरना प्रदर्शन और विरोध कर रहे छात्रों का कहना है की छात्रा के साथ छेड़खानी हुई ऐसी घटना से हम भी दुखी हैं। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि विश्वविद्यालय में बंटवारा कर दिया जाए।

वहीं काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बंटवारे की बात को लेकर यहां के पूर्व छात्रों द्वारा भी विरोध किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इस फैसले को गलत ठहराया जा रहा है। शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों द्वारा इसके विरोध में एक जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
शोध छात्र मृत्युंजय द्वारा बताया गया कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बाउंड्री वाल किए जाने की बात करना गलत है। उन्होंने कहा कि हम लोग अभियान में जुड़ने के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं और विश्वविद्यालय के प्रोफेसर भी हम लोगों के सहयोग में हैं।
कुछ छात्र नेताओं द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर के चारों तरफ 10 से 12 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल पहले से ही है। ऐसे में सुरक्षा के नाम पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में अलग से बाउंड्री करते हुए परिसर का विभाजन करना गलत है।
छात्रों की मांग है कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर और आईआईटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया जाए और हाई रेजोल्यूशन के सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं तथा पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। ऐसा करने से इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगेगा लेकिन परिसर का बंटवारा करना कहीं से इसका समाधान नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications