चंद्रयान-3 के लैंड होते ही जयकारों से गूंजा आईआईटी बीएचयू, एक-दूसरे को गले लगाकर दिए बधाई
आईआईटी (बीएचयू) भी भारत की चंद्रमा पर सफल चंद्रयान-3 लैंडिंग के सुनहरे अध्याय का गवाह बना। चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरते ही पूरा हाल 'वंदे मातरम', 'भारत माता की जय' और 'हर हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।
संस्थान के ऐनी बेसेंट लेक्चर कॉम्प्लेक्स के दो हॉल और इलेक्ट्रिकल विभाग में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के हॉल नंबर जी-8 छात्रों से खचाखच भरे थे। मौजूद हर कोई इस सुनहरे पल को अपने मोबाइल में कैद करने को बेताब था।

चंद्रयान-3 के चंद्रमा की धरती पर पहुंचने का पल-पल लाइव प्रसारण देखकर हाल में तालियां बजती रहीं और जैसे ही चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरा, छात्रों, अधिकारियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चंद्रयान की लैंडिंग होते ही लोग जयकारे लगाने लगे।
इस अवसर पर एबीएलटी में सीधा प्रसारण देखने के बाद निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार जैन ने इसरो के वैज्ञानिकों और देश-दुनिया के सभी भारतीयों को इस नए गौरव के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि से अंतरिक्ष विज्ञान की पढ़ाई कर रहे छात्रों को भी काफी मदद मिलेगी।
इसके अलावा वाराणसी में स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, उदय प्रताप कॉलेज और हरिशचंद्र कॉलेज सहित कई अन्य कॉलेजों में भी इसका लाइव प्रसारण देखने के लिए छात्र पहुंचे थे। चंद्रयान की लैंडिंग के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर बधाई दी।
बच्चों ने कहा चंदा मामा के पास पहुंच गया चंद्रयान
चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लिए वाराणसी के निजी और सरकारी स्कूलों में भी बच्चों को बुलाया गया था। स्कूलों में बच्चों ने चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग देखी और उत्साह से भरे नजर आए। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा कहा गया कि हमारा चंद्रयान और चंदा मामा के पास पहुंच गया है तथा अब चंदा मामा हमसे दूर नहीं रह गए।












Click it and Unblock the Notifications