Varanasi में तेज धमाके के साथ मकान का एक हिस्सा गिरा, मलबे में दबकर एक महिला की मौत
वाराणसी जिले में गुरुवार की रात्रि में धमाके के साथ एक मकान की दीवार और छत धराशाई हो गई। उसके मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई तथा चार लोगों को बचा लिया गया।

Varanasi जिले के दशाश्वमेध थाना अंतर्गत जंगमबाड़ी इलाके में गुरुवार की रात में तेज धमाके के साथ एक मकान की छत और एक तरफ की दीवार ढह गई। बताया जा रहा है कि सिलेंडर ब्लास्ट होने के चलते मकान का एक हिस्सा धराशाई हुआ है। धराशाई होने के बाद उसमें मौजूद लोग दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। मकान के मलबे में दब कर एक महिला की मौत हो गई।

लोग बोले, ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो
दरअसल दशाश्वमेध थाना अंतर्गत जंगमबाड़ी इलाके में पुराना मकान है जिसमें 17-18 लोग रहते हैं। मकान में रहने वाली एक महिला ने बताया कि गुरुवार शाम 8 बजे अपने पति के साथ बैठकर वह टीवी देख रही थी, इसी दौरान तेज धमाका हुआ। धमाका होने के दौरान लगा कि भूकंप आ गया है और तेज आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाती तब तक आलमारी गिर गया और उसी में पति-पत्नी दब गए। इसके अलावा मकान में रहने वाले अन्य लोग भी दीवार तथा छत गिरने के चलते उसके मलबे में दब गए। तेज धमाका होने के चलते आवाज काफी दूर तक सुनाई दिया और थोड़ी ही देर में लोग चीखने चिल्लाने लगे।

आसपास के लोगों ने बचाई जान
छत और दीवार गिरने के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और मकान के मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को बाहर निकालने में जुट गई। इस दौरान मकान के मलबे में दबे चार लोगों को निकाला गया। चारों लोगों को मामूली चोट आई थी। हालांकि चारो लोगों को अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। वहीं लोगों ने बताया कि बेबी नामक 52 वर्षीय महिला मलबे में दबी हैं। उसके बाद उनकी तलाश जारी हुई। काफी प्रयास के बाद भी महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उसके बाद एनडीआरएफ को सूचना दिया गया। एनडीआरएफ की टीम करीब एक घंटे तक तलाश की उसके बाद महिला का शव मलबे से बरामद किया गया। महिला की मौत के बाद उसके परिवार के लोग चीखने चिल्लाने लगे। फिलहाल उसकी लाश को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

सिलेंडर फटा या कुछ और, किसी को पता नहीं
घटनास्थल पर पहुंचे आस पास के लोगों व मकान में रहने वाले लोगों का कहना है कि खाना बनाते समय गैस लीकेज होने के चलते सिलेंडर ब्लास्ट कर गया। वहीं सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात से कई लोगों द्वारा इनकार किया जा रहा है। लोगों द्वारा यह बात कही जा रही है कि धमाका तेज हुआ था लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट किया या कुछ और यह कंफर्म नहीं है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मलबा हटाने के साथ ही रेस्क्यू किया जा रहा है। मकान में रहने वाले सभी लोग सुरक्षित हैं। एक महिला की मौत हुई है।

गली में मकान होने के चलते हुई समस्या
मकान की छत धराशाई होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी वाराणसी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि मकान का छत गिरा हुआ है और उसमें दबे अधिकतर लोगों को रेस्क्यू करते हुए बाहर निकाल लिया गया। मलबे में दबने के चलते एक महिला की मौत हई है। उन्होंने यह भी कहा कि काफी सकरा इलाका होने के चलते राहत और बचाव कार्य में समय लगा। जिलाधिकारी ने बताया कि सिलेंडर के द्वारा ब्लास्ट हुआ है या फिर कोई अन्य कारण है या अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है‚ जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।












Click it and Unblock the Notifications