Chandrayaan 3 Landing: चंद्रयान 3 की सफलता के लिए काशी में हवन-पूजन, बुधवार सुबह से होगा हनुमान चालीसा का पाठ
Chandrayaan 3 Landing: चंद्रयान 3 नया इतिहास रचने के करीब पहुंच गया है। कहा जा रहा है कि चंद्रयान-3 बुधवार शाम को चांद पर उतरेगा, ऐसे में देशवासियों ने चंद्रयान-3 की सफलता के लिए पूजा-पाठ शुरू कर दिया है। धार्मिक नगरी काशी में सोमवार से ही पूजा पाठ शुरू हो गया है।
इसके अलावा वाराणसी के कई प्रसिद्ध मंदिरों में भी चंद्रयान-3 की सफलता के लिए तैयारियां चल रही हैं। बुधवार को काशी के कई प्रसिद्ध मंदिरों में कहीं हवन पूजन किया जाएगा तो कहीं हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा और चंद्रयान की सफल लैंडिंग की कामना की जाएगी।

इस मिशन की सफलता के लिए सोमवार को वाराणसी जिले के कमच्छा स्थित मां कामाख्या के मंदिर में हवन पूजन के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। चंद्रयान-3 की फोटो काे अपने साथ लेकर मंदिर में पहुंचे राष्ट्रीय हिंदू दल के लोगों ने पूजा-अर्चना कर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग की कामना की।
Recommended Video
लोगों ने देवता की पूजा के साथ-साथ चंद्रयान के तश्वीर की भी पूजा की। इसके अलावा इसरो वैज्ञानिकों की सफलता के लिए भी प्रार्थना की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि काशी भगवान भोलेनाथ की नगरी है और भगवान भोलेनाथ अपने मस्तक पर चंद्रमा धारण करते हैं, इसलिए वे इस मिशन को सफल बनाएंगे।
इसी तरह सोमवार को वाराणसी के सुदामा कुटी आश्रम में संत महात्माओं द्वारा हवन पूजन किया गया। हाथों में तिरंगा और चंद्रयान की तख्ती लेकर संतों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए महादेव से प्रार्थना की गई। इस दौरान संत चंद्रभूषण महाराज ने कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है और इससे हमारे देश का गौरव बढ़ेगा।
इसके अलावा वाराणसी के मैदागिन इलाके में स्थित भारतेंदु पार्क में श्री मंसापूरण हनुमान मंदिर के परिसर में बुधवार को लोगों द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। काशीवासियों का कहना है कि श्री मनसापूरण हनुमान जी सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं, ऐसे में उनकी पूजा करने से चंद्रयान-3 जरूर सफल होगा। लोगों ने बताया कि सुबह 8 बजे से चंद्रयान-3 की लैंडिंग हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications