Kashi Vishwanath Dham की भव्य सजावट, निकाली गई झांकियां और गूंजते रहे मंत्र, भक्तों का लगा रहा रेला
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के एक साल होने के बाद मंगलवार को वाराणसी में धूमधाम से काशी विश्वनाथ लोकार्पण का वर्षगांठ मनाया गया। इस दौरान काशी में विभिन्न प्रकार के आयोजन भी किए गए।

वाराणसी में Kashi Vishwanath Dham लोकार्पण के एक वर्ष पूरे हो जाने के बाद मंगलवार को भव्य रूप से सजावट की गई। काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता देखने के लिए काशी वासियों के साथ ही काफी संख्या में पर्यटक भी पहुंचे। आलम यह रहा कि सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। कहीं झांकी निकाली गई तो कहीं भजन कीर्तन चलता रहा। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के एक साल होने पर पूरे काशी में उत्सव का माहौल देखने को मिला। अनुराधा पौडवाल के भजनों ने जहां चार चांद लगा दिया, वहीं वाराणसी के साथ ही मथुरा और गोरखपुर के कलाकारों के कला प्रदर्शन को देख कर लोग अचंभित नजर आए।

मैदागिन से चितरंजन पार्क तक निकाली गई शोभायात्रा
श्री काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण का एक साल होने पर मंदिर और आसपास के इलाकों में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मैदागिन से निकाली गई शोभायात्रा में शामिल कलाकार भगवान शिव और उनके गणों की वेशभूषा में नजर आए। इसके अलावा नंदी, मां पार्वती, मां काली के रौद्र रूप और कई अन्य रूप भी धारण किए रहे। शोभायात्रा के साथ काशीवासी भी आगे बढ़ते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचे और हर हर महादेव का उद्घोष करते नजर आए। मैदागिन से निकलने वाली शोभायात्रा बुलानाला चौक बांस फाटक गोदौलिया से होते हुए चितरंजन पार्क पर पहुंची जहां संपन्न हुई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में ललिता घाट पर विश्वनाथ धाम और मां गंगा की आरती उतारी गई। इसके अलावा शोभायात्रा में शामिल मां काली की पूजा भी उनकी टीम द्वारा किया गया।
अनुराधा पौडवाल द्वारा भजन सुनकर मंत्रमुग्ध हुए श्रोता
श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में अनुराधा पौडवाल के भजन सुनकर श्रोता भाव विभोर हो गए। कई बार ऐसा हुआ जब अनुराधा पौडवाल के गाने पर श्रोता कुर्सी छोड़ कर उठ गए और गाना सुनते हुए उसके धुन पर थिरकते नजर आए। अनुराधा पौडवाल द्वारा जब बाबा का त्यौहार आया... गाना गाया गया तो कई श्रोता कुर्सी छोड़ कर उठ गए वो जहां मौजूद थे वहीं पर डांस करने लगे। इसके अलावा अन्य कलाकारों द्वारा भी कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी गई। देर रात तक श्री काशी विश्वनाथ धाम में विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति चलती रही।
साल भर में कई नए रिकॉर्ड हुए कायम
लोकार्पण होने के बाद साल भर में श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन और चढ़ावा को लेकर कई नए रिकॉर्ड कायम हुए। बीते एक साल में 100 करोड़ रुपए से अधिक चढ़ावा आया और साढ़े सात करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते वाराणसी लोगों को इसका काफी लाभ भी मिल रहा है। काशी विश्वनाथ धाम के आसपास दुकान संचालित करने वाले लोगों को जहां आजीविका चलाने का एक नया माध्यम मिला है वहीं पर्यटन कारोबार भी काफी तेजी से बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications