वाराणसी एयरपोर्ट पर GoFirst का काउंटर बंद, वेबसाइट भी नहीं खुल रही, यात्री परेशान
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित विमानन कंपनी GoFirst का काउंटर बंद कर दिया गया है। ऐसे में जो यात्री पहले से ही टिकट बुक कराए हैं उनको काफी परेशान होना पड़ रहा है।

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित विमानन कंपनी GoFirst का काउंटर बंद कर दिया गया है। एयरलाइन का काउंटर बंद हो जाने के चलते जो भी यात्री पहले से टिकट की बुकिंग करा चुके थे वे काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा वाराणसी एयरपोर्ट पर GoFirst एयरलाइंस में कार्यरत कर्मचारियों को भी काफी परेशान होना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि विमानन कंपनी द्वारा यदि विमान सेवाएं बंद कर दी गई तो उनके सामने रोजगार के संकट पैदा हो जाएंगे।
हालांकि अभी तक वाराणसी एयरपोर्ट पर GoFirst में काम करने वाले सभी कर्मचारी एयरलाइंस के अधिकारियों से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि अभी तक एयरलाइंस के अधिकारियों द्वारा कोई निर्देश नहीं दिया गया है ऐसे में अभी किसी दूसरी जगह अप्लाई नहीं कर रहे हैं।
लोगों ने यह भी बताया कि अभी तक कई कर्मचारियों के सैलरी भी नहीं मिली है। ऐसे में यदि विमानन कंपनी द्वारा वाराणसी एयरपोर्ट से अपनी सेवाएं बंद की जाती है तो उनको अपनी सैलरी के लिए भी परेशान होना पड़ सकता है।
फिलहाल, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य मेल भवन में स्थित GoFirst एयर के काउंटर बंद किए जाने के चलते जहां कर्मचारी परेशान हैं वहीं एयरपोर्ट पर अपने पैसे रिफंड करने के लिए पहुंचने वाले यात्री भी चिंतित नजर आ रहे हैं।
वहीं एक माह पहले एयरलाइंस का टिकट बुक करा चुके वाराणसी के रहने वाले आरके सिंह नामक यात्री ने बताया कि विमानन कंपनी द्वारा वेबसाइट के माध्यम से पैसे रिफंड करने की बात कही जा रही है। लेकिन वेबसाइट खुल नहीं रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि गो फर्स्ट एयरलाइंस की वेबसाइट कुछ दिन पूर्व तक खुल रही थी लेकिन अब काफी प्रयास करने के बाद भी वेबसाइट नहीं खुल रही है ऐसे में उन्हें चिंता है कि उनका पैसा कैसे वापस होगा। एयरलाइंस का काउंटर बंद हो जाने से अधिकारियों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
इसके अलावा एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने के बाद लंबी वेटिंग जा रही है और कॉल स्वीकार करने के बाद एयरलाइंस के कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। वहीं इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि एयरलाइंस द्वारा काउंटर बंद किए जाने की सूचना नहीं दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि एयरलाइंस द्वारा लगातार विमानों को रद्द किए जाने की तिथि बढ़ाई जा रही है, अब 19 मई तक गो फर्स्ट एयरलाइन के विमानों का संचालन नहीं होगा। ऐसे में जब विमानों का संचालन नहीं हो रहा है तो हो सकता है कि इसी के चलते काउंटर बंद किया गया हो।












Click it and Unblock the Notifications