Varanasi : कोहरे के चलते बदला फ्लाइट्स का शेड्यूल, Flight Status जांचने के बाद घर से निकलें यात्री
वाराणसी में मंगलवार को कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो गई। सुबह 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। दोपहर तक किसी भी विमान का आवागमन नहीं हुआ।

वाराणसी में कोहरे का कहर प्रारंभ हो गया है। मंगलवार को सुबह 10 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोहरे के चलते दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। ऐसे में कम दृश्यता होने पर विमानों के आवागमन में भी समस्या उत्पन्न हो गई है। हालांकि वाराणसी एयरपोर्ट पर वर्तमान समय में सुबह के समय किसी भी विमान का आवागमन नहीं हो रहा है, ऐसे में अधिक समस्या नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे की स्थिति के चलते दोपहर में संचालित होने वाले कुछ विमानों के समय में भी बदलाव हो सकता है। ऐसे में विमानन कंपनियों द्वारा Flight Status चेक करने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी जा रही है।

11 बजे के बाद हो रहा विमानों का आवागमन
मालूम हो कि वाराणसी एयरपोर्ट से वर्तमान समय में दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और भुवनेश्वर सहित अन्य शहरों के लिए अलग-अलग विमानन कंपनियों द्वारा सीधी विमान सेवाएं संचालित की जा रही हैं। ठंड के समय कोहरे को ध्यान में रखते हुए विमानन कंपनियों द्वारा पूर्व में भी सुबह में संचालित होने वाले विमानों का शेड्यूल चेंज कर दिया गया था। अब वर्तमान समय में वाराणसी एयरपोर्ट पर सुबह के समय किसी भी विमान का आवागमन नहीं होता है। सुबह 11 बजे के बाद मुंबई और हैदराबाद से आने वाले विमान का आगमन होता है।
इस तरह चेक करें विमानों का स्टेटस
ठंड के मौसम में कोहरे के चलते दृश्यता कम होने पर विमानन कंपनियों द्वारा Flight Status चेक करने के बाद ही एयरपोर्ट पर पहुंचने की सलाह दी जाती है। ऐसे में कई यात्री हैं जो Flight Status चेक नहीं कर पाते हैं और उनको परेशानियों का सामना करना पड़ता है। Flight Status चेक करने के लिए विमान यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस का एप्लीकेशन प्ले स्टोर से डाउनलोड करना चाहिए तथा फ्लाइट ट्रैकिंग और फ्लाइट स्टेटस नामक ऑप्शन पर फ्लाइट नंबर दर्ज करके स्टेटस चेक किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित एयरलाइंस की वेबसाइट के माध्यम से भी फ्लाइट का स्टेटस चेक किया जा सकता है। विमानन कंपनियों के द्वारा स्टेटस चेक करने के अलावा कई ऐसे थर्ड पार्टी एप्लीकेशन है जो फ्लाइट स्टेटस के बारे में एक्यूरेट जानकारी देते हैं। ऐसे में उन एप्लीकेशन का भी मदद लिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications