Fisheries schemes UP: 5 लाख तक का बीमा और 60 फीसदी सब्सिडी से छोटे मत्स्य पालक भी बन रहे आत्मनिर्भर
Fisheries schemes UP: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख डॉ. संजय कुमार निषाद ने गुरुवार को वाराणसी में मछुआ समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की योजनाओं को समाज के लोगों के बीच विस्तार से रखा।
नागरी नाटक मंडली, कबीरचौरा में आयोजित 'मत्स्य पालक मेला एवं जातीय जनगणना विषयक गोष्ठी' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के उत्थान के लिए हर स्तर पर काम कर रही है।

गोष्ठी में डॉ. निषाद ने मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि मछुआ समाज को आत्मनिर्भर बनाने की ठोस पहल हैं।
PMMSY और MMSY से बदल रही है तस्वीर
मंत्री ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) और मुख्यमंत्री मत्स्य योजना (MMSY) के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार आइस बॉक्स, फिश वैन, कोल्ड स्टोरेज, तालाब निर्माण जैसी सुविधाओं पर अनुदान दे रही है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और महिला लाभार्थियों को 60% तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही, मत्स्य परिवहन के लिए विशेष वाहन सहायता, उपकरणों पर 40-60% अनुदान और ₹5 लाख तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है।
KCC योजना और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ रहे मत्स्य पालक
डॉ. निषाद ने कहा कि मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के अंतर्गत ऋण सुविधा दी जा रही है। निषाद राज बोट योजना के अंतर्गत नाव की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
इसके साथ ही, मत्स्य पालकों के लिए डिजिटल पंजीकरण एवं ट्रैकिंग प्रणाली की शुरुआत की गई है, जिससे पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ दिया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार के नए रास्ते भी खुल रहे हैं।
जातीय जनगणना पर सरकार गंभीर
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने जातीय जनगणना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकारों की पहचान है। उन्होंने मझवार, तुरैहा, बिंद, निषाद, केवट, धीवर, कश्यप जैसी जातियों को अनुसूचित जाति श्रेणी में शामिल करने की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. संजय निषाद ने पंचायत चुनाव 2025 की रणनीति साझा करते हुए कहा कि निषाद पार्टी निषाद बाहुल्य क्षेत्रों में जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी पदों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणामों के बाद ब्लॉक प्रमुख और अध्यक्ष पद के लिए भाजपा को समर्थन दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी का उद्देश्य किसी दल की आलोचना करना नहीं, बल्कि अपने समाज की आवाज़ बनना है। उन्होंने कहा कि हम समाज की उम्मीदों को कभी टूटने नहीं देंगे। हमारी विचारधारा गाँव से निकलकर राजधानी तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए है, और निषाद पार्टी इसी मूल भावना को लेकर आगे बढ़ रही है। दौरे के दौरान मंत्री डॉ. संजय निषाद ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और समाज की समृद्धि की कामना की।












Click it and Unblock the Notifications