डिप्टी सीएम ने कहा- मोदी गारंटी वैन वंचितों को जागरूक कर सरकारी योजनाओं का दिला रही लाभ
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। वाराणसी के आराजी लाइन ब्लाक अंतर्गत रामरायपुर ग्राम पंचायत में उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने योजना से संबंधित स्टालों का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने लोगों को कोरोना की याद दिलाते हुए कहा कि इस महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता का खास ख्याल रखा।

कहा कि कोरोना महामारी के समय लोगों को मुफ्त राशन देने के साथ-साथ महिलाओं के जनधन बैंक खातों में एक बार नहीं बल्कि कई बार एक-एक हजार रुपये भेजकर गरीबों का खाना बनाना बंद नहीं होने दिया।
उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ लोगों सहित पूरे देश में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के तहत संचालित मोदी गारंटी योजना के माध्यम से जो लोग किसी कारणवश मुफ्त राशन के अलावा केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं, उनका मौके पर ही पंजीकरण किया जा रहा है और उन्हें जल्द ही योजनाओं से लाभान्वित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोदी गारंटी वैन के माध्यम से गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों का पंजीकरण भी किया जा रहा है और इसके साथ ही लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जा रहा है। आने वाले समय में कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं होगा जो यह कह सके कि उसके पास आवास, मुफ्त शौचालय, बिजली कनेक्शन और पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा नहीं है। कोई भी किसान यह नहीं कह सकेगा कि उसे किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री की गारंटी वाली वैन उनके गांव आए तो ढोल-नगाड़ों के साथ रंगोली बनाकर उसका स्वागत करें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस-जिस गांव में मोदी गारंटी वैन जायेगी, वहां के शत-प्रतिशत लोगों को, जो अब तक योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं, शत-प्रतिशत लाभ दिलाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जायेगा। ऐसे लोगों का गांव में ही पंजीकरण कराया जाय।












Click it and Unblock the Notifications