वाराणसी: भीषण गर्मी से बचाने के लिए बाबा बटुक भैरव दरबार में चढ़ रही कोल्ड ड्रिंक, एसी-पंखे की भी है व्यवस्था
वाराणसी। कोरोना संकट से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ती गर्मी ने और बढ़ा दी है। आम इंसान ही नहीं अब तो गर्मी भगवान को भी सताने लगी है। गर्मी के सितम को देखते हुए वाराणसी में भक्त भगवान के लिए कोल्ड ड्रिंक का भोग लगा रहे हैं। इतना ही नहीं, एयर कंडीशनर, पंखे की व्यवस्था भी कर रहे हैं। ऐसा नजारा धर्म की नगर काशी में देखने को मिला।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाराणसी जिले में भगवान शिव के आठ रूपों में से एक बाल स्वरूप बाबा बटुक भैरव का मंदिर स्थित है। लॉकडाउन के दौरान आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर बंद है, लेकिन मंदिर के सेवक और पुजारी कोल्डड्रिंक्स और चॉकलेट्स चढ़ा रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि गर्मी पूरे चरम पर है और वाराणसी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा पहुंचा है। बाबा बटुक भैरव दरबार के एक सेवक विश्वजीत बागची ने बताया कि बाबा बटुक भैरव के लिए एयर कंडीशनर, पंखा और एग्जॉस्ट फैन लगाया गया है। इन दिनों बनारस का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। जिसकी वजह से सभी मंदिरों में ठंडक के लिए व्यवस्था की गई है।
लॉकडाउन के चलते मंदिर बंद हैं, लेकिन बाबा की सेवा अनवरत मंदिर के महंत और थोड़ी सी छूट मिलने पर मंदिर में आने वाले सेवकों द्वारा की जा रही है। बाबा बटुक भैरव शिवजी के बाल स्वरूप हैं और इनको अंडा, मांस, मछली, शराब का भी भोग लगाया जाता है। जिस तरह आम दिनों में चॉकलेट और टॉफी श्रद्धालु चढ़ाते हैं वैसे ही गर्मी में बटुक भैरव को कोल्डड्रिंक्स चढ़ाया जाता है। हालांकि ऐसा हर बार गर्मी में किया जाता है ताकि बाबा को गर्मी ना लगे और वे अपना आशीर्वाद बनाए रखें।
एक अन्य सेवक राजेश ने बताया कि यहां गर्मी बहुत ज्यादा पड़ रही है और गर्मी से बाबा को राहत पहुंचाने के लिए सभी तरह की ठंडी चीजें और कोल्ड ड्रिंक्स बाबा को अर्पित की जा रही हैं। बच्चों को पसंद आने वाली सभी चीजें बाबा बटुक भैरव को चढ़ाई जाती हैं और फिर वापस भक्तों या फिर बच्चों में इसका वितरण कर दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications