Varanasi: सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव दरबार में टेका मत्था
Varanasi: जी-20 सम्मेलन में शामिल हुए अतिथियों का स्वागत करने वाराणसी पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम और बाबा काल भैरव दरबार में पूजा-अर्चना की।
Varanasi: दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जहां विदेश से काशी आए मेहमानों का स्वागत किया वहीं सोमवार सुबह में मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव दरबार में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ मंत्री अनिल राजभर, अंबरीश सिंह भोला, संतोष दास भी मौजूद रहे।
इससे पहले रविवार रात्रि में जी-20 सम्मेलन में दुनिया भर से काशी आए विदेशी मेहमानों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होटल ताज में स्वागत किया था। स्वागत करने के बाद प्रदेश सरकार की तरफ से आयोजित रात्रि भोज में उनके साथ शामिल हुए और विदेशी मेहमानों से वार्ता भी किए।

रविवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के बिरदोपुर स्थित कैलाश मठ में कैंट विधानसभा कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि 9 साल में हम सबने भारत की बदलती तस्वीर देखी है। 2014 से पहले का भारत और उसके बाद का भारत हमारे सामने है। पहले देश के अंदर बड़े-बड़े आंदोलन चल रहे थे। जनता में सरकार के प्रति आक्रोश और अविश्वास देखा जा रहा था। हर दिन एक नया भ्रष्टाचार सामने आता था।
आंतरिक और बाहरी सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन पिछले 9 सालों में हमने भारत को बदलते देखा है। हाल ही में हम सभी ने पीएम मोदी का 6 दिन का दौरा देखा है। यह यात्रा भारत की बढ़ती शक्ति का आभास कराती है। आप सभी ने देखा है कि कैसे दूसरे देशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।
अगले दो-तीन साल में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। कश्मीर कभी अशांत था और आतंकवाद की चपेट में था। आज वह शांति की नई राह पर चल पड़ा है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्य कभी आतंकवाद के चरम पर थे, आज उन राज्यों में बीजेपी सरकार के साथ विकास और नए विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पहले 120 जिले नक्सलवाद की चपेट में थे, आज मुश्किल से 3 से 4 जिलों में ये गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। विरासत के सम्मान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या श्रीराम मंदिर, केदारनाथ मंदिर और महाकाल का पुनरुद्धार पीएम मोदी के नेतृत्व का ही परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विश्व में वैश्विक नेता के रूप में पहचान है। पीएम मोदी देश की संसद में काशी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यही वजह है कि काशी दुनिया के आकर्षण का केंद्र है। जी20 की ज्यादातर बैठकें यहीं हो रही हैं। काशी जगमगा रही है। विश्व स्तर पर काशी नए आकर्षण का केंद्र बन गई है। काशी इसलिए काशी है क्योंकि काशी अविनाशी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी को प्रतिष्ठा और पहचान दी है। इतना ही नहीं, पीएम के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से ऊपर उठ गया है। उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन का मानक बन गया है। यूपी आज जिस रास्ते पर चल रहा है, वो दिन दूर नहीं जब वो भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित होगा। हमें इस दिशा में संयुक्त प्रयास करने होंगे।












Click it and Unblock the Notifications