UP News: अभिभावक की भूमिका में नजर आए सीएम योगी, बच्चों से पूछे मम्मी-पापा की याद आती है तो मिला ये जवाब
UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 23 सितंबर को वाराणसी आने वाले हैं। वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में नवनिर्मित अटल आवासीय विद्यालयों का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को वाराणसी पहुंचे।
वाराणसी पहुंचने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री आगमन के दौरान की तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान भी वाराणसी के करसड़ा में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में भी पहुंचे। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय में दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभिभावक और शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने अभिभावक के रूप में जहां बच्चों के सिर पर हाथ रखकर मन लगाकर पढ़ाई करने और तरक्की करने का आशीर्वाद दिया। वहीं बच्चों से उन्होंने पूछा कि मम्मी-पापा और घर की याद आती है या नहीं?
मुख्यमंत्री द्वारा यह सवाल पूछे जाने के बाद वहां मौजूद बच्चों ने जवाब देते हुए कहा कि घर की याद तो आती है लेकिन यहां पर पढ़ाई के साथ ही खेलने को भी मिलता है, इसके अलावा शिक्षक चॉकलेट भी देते हैं। इस दौरान सीएम योगी ने बच्चों से कहा कि चॉकलेट कम खाना चाहिए चॉकलेट हानिकारक होता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अटल आवासीय विद्यालय में बने क्लासरूम को भी देखने पहुंचे। क्लास रूम में स्मार्ट बोर्ड को देखने के साथ ही उन्होंने कंप्यूटर क्लास, केमिस्ट्री, फिजिक्स, बायोलॉजी लैब और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से रिंग रोड फेज दो के किनारे गंजारी गांव में बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस क्रिकेट स्टेडियम का भी शिलान्यास करेंगे। निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचे।
सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने प्रधानमंत्री आगमन को लेकर की जा रही तैयारी की समीक्षा की। समीक्षा करने के उपरांत हुए काशी के कोतवाल काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन किए। दर्शन पूजन करने के बाद रात करीब 9 बजे वे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और राजकीय विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए।












Click it and Unblock the Notifications