Ravidas Jayanti : सीएम योगी ने वाराणसी के रविदास मंदिर में खाया लंगर, VIDEO
वाराणसी, 16 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास जी महाराज की जयंती पर रविदास मंदिर के दर्शन के बाद लंगर खाया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा, ''ये हमारा सौभाग्य है कि संत रविदास जी महाराज का जन्म वाराणसी में काशी की पवित्र धरती पर हुआ।'' बता दें, यूपी चुनावों के बीच सीएम योगी का रविदास मंदिर पहुंचना और लंगर खाना राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

रविदास की प्रतिमा के आगे टेका माथा
संत रविदास जयंती के मौके पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ वाराणसी के संत रविदास मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने संत रविदास की प्रतिमा के आगे अपना माथा टेका और पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने साधु-संतों से बातचीत भी की। इसके बाद लंगर भी खाया।
वाराणसी को संत रविदास की जन्मस्थली माना जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए सभी को रविदास जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यहां के विकास काम के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले सीएम योगी ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और अपने आने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "आज मैं वाराणसी के 'सीर गोवर्धनपुर' में पूज्य संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होऊंगा। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन की सरकार उनकी पावन जन्मस्थली के समग्र विकास हेतु पूरी तन्मयता से कार्य कर रही है।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद हमीरपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल में विपक्षी नेता नज़र नहीं आ रहे थे। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। जिस तरह आपने सपा, बसपा और कांग्रेस के जिन्न को बोतल में भरकर हमेशा के लिए राजनीति से खारिज कर दिया है वैसे ही हमने कोरोना के जिन्न को बोतल में भरकर बंद कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications