वाराणसी: गांधी जयंती पर हर गांव में होगी आयुष्मान सभा, वितरित किए जाएंगे कार्ड, शुगर-बीपी की मुफ्त जांच
दो अक्टूबर यानी गांधी जयंती के अवसर पर पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के हर गांव में आयुष्मान सभा होगी। इसमें ग्रामीणों की ब्लड प्रेशर, शुगर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच होगी। बच्चों को समय से पूरा टीकाकरण कराने वाले माता-पिता को सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने डीएम, सीडीओ, सीएमओ और पंचायती राज विभाग के अफसरों को निर्देशित किया है। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आयुष्मान सभा में आने के लिए ग्रामीणों को आमंत्रित किया जाए। इसके लिए घर-घर आमंत्रण भेजें। गांवों में प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए।

आयुष्मान सभा में ब्लड प्रेशर, शुगर की जांच के साथ ही टीबी, कैंसर समेत बीमारियों के बारे में जागरुकता व स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। लोगों को खुद अपना आयुष्मान कार्ड बनाने के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने भी इस संबंध में सभी ब्लॉकों के एडीओ पंचायत को निर्देश जारी किए हैं। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती के मौके पर जिले की हर ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य टीमों को बैठाया जाएगा। सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा।












Click it and Unblock the Notifications