PFI के दो इनामी सदस्यों को एटीएस ने वाराणसी से किया गिरफ्तार, अन्य से पूछताछ जारी
एटीएस ने वाराणसी से पीएफआई के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों सदस्यों के ऊपर एटीएस द्वारा 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इसके अलावा वाराणसी और आजमगढ़ से पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है।

आतंकवाद निरोधक दस्ते द्वारा वाराणसी से PFI के दो इनामी सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए दोनों सदस्य वाराणसी जिले के छित्तनपुरा के रहने वाले हैं। दोनों के ऊपर पहले से ही 50-50 रुपए का इनाम घोषित था।
दरअसल, बीते साल सितंबर माह में एटीएस की टीम ने वाराणसी से पीएफआई के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इसमें एक सदस्य वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र का रहने वाला था, जिसका नाम अब्दुल्ला सऊद अंसारी था।
अब्दुल्ला से पूछताछ के दौरान ही वाराणसी जिले के छित्तनपुरा के रहने वाले रईस अहमद और परवेज अहमद का नाम सामने आया था। उसके बाद दोनों के ऊपर इनाम घोषित करते हुए एटीएस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए परवेज अहमद और रईस अहमद काफी समय से भूमिगत थे। इसी बीच शनिवार को एटीएस द्वारा पीएफआई के सक्रिय सदस्यों और इस संगठन जुड़े लोगों की जांच पड़ताल और धरपकड़ के लिए एक गोपनीय अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाराणसी व आजमगढ़ सहित अन्य जनपदों में एटीएस द्वारा छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान आजमगढ़ से 3 लोगों को एटीएस ने हिरासत में लिया जबकि वाराणसी से 8 लोगों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है।
यह भी बताया गया कि रईस अहमद और परवेज अहमद पीएफआई के सक्रिय नेताओं के संपर्क में रहकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम और केरल में पीएफआई के बैठकों में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त करते थे। प्रशिक्षण के बाद वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में पीएफआई का विस्तार करने के लिए लोगों को जोड़ने का भी काम करते थे।












Click it and Unblock the Notifications