Varanasi News: देवरिया मुद्दे पर पल्लवी पटेल ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- दलितों और पिछड़ों का हो रहा शोषण
Varanasi News: अपना दल नेता और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल रविवार को वाराणसी पहुंचीं। वाराणसी के आराजी लाइन ब्लॉक में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जहां मौजूद जनसभा को संबोधित किया वहीं सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
देवरिया मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के नाम पर उत्तर प्रदेश की जनता को ठगा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा तमाम दावे किए जाते हैं लेकिन मौजूदा समय में प्रदेश में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।

गलती दूसरा कोई करता है और लड़कियों को घर में बंद रहना पड़ता है। भले ही योगी सरकार द्वारा कहा जाता हो कि यूपी में बेटियां सुरक्षित हैं लेकिन यूपी में प्रतिदिन बहन बेटियों के साथ दरिंदगी और छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसके अलावा फिलिस्तीन और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर उन्होंने कहा कि यह दो देश के बीच नहीं बल्कि दो धर्म के बीच युद्ध है और इसे इस नजरिए से देखना भी चाहिए। वहीं आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 देश की दिशा और दशा बदलने वाला चुनाव होगा।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन यूपी के 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा जातिवार जनगणना पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जातिवार जनगणना को लेकर बिहार सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है, जातिवार जनगणना जरूर कराई जानी चाहिए।
घबरा गई है भारतीय जनता पार्टी
पल्लवी पटेल ने कहा कि इंडिया अलायंस की अब तक सिर्फ दो बैठकें हुई हैं। लेकिन इन दो बैठकों से ही भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से घबरा गई है। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण विधेयक को जल्दबाजी में पारित कराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी को महिलाओं की इतनी ही चिंता है तो सरकार मणिपुर मुद्दे पर चुप क्यों रही।












Click it and Unblock the Notifications