मेस में खराब खाने को लेकर रात में धरने पर बैठीं BHU की छात्राएं, कहा-पीरियड्स में भी मिलता है अधपका खाना
मेस द्वारा परोसे जाने वाले खराब खाने को लेकर बीएचयू की छात्राओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा, आक्रोशित छात्राएं पूरी रात धरने पर बैठी रही। छात्राओं ने आरोप लगाया कि मेस से उन्हें अधपका खाना मिलता है।

मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन न दिए जाने के चलते और वाईफाई व्यवस्था ना होने से नाराज BHU न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल की 100 से अधिक छात्राएं सोमवार की रात में धरने पर बैठ गई। छात्राओं ने आरोप लगाया कि गुणवत्तापूर्ण खाना न मिलने की शिकायत करने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जाती है। इस दौरान कुलपति आवास के बाहर रात तक छात्राएं अलाव जलाकर कड़ाके की ठंड में धरना प्रदर्शन करती रहीं।

परोसे जाते हैं अधपके चावल और ऑइली फूड
धरना प्रदर्शन में शामिल कुछ छात्राएं थाली में भोजन लेकर भी पहुंची थी। छात्राओं ने परोसे गए भोजन को दिखाते हुए कहा कि अधपके चावल और ऑइली फूड छात्राओं को खाने के लिए दिए जाते हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि पीरियड्स के दौरान भी इस तरीके के भोजन परोसे जाते हैं जिससे उन्हें काफी नुकसान होता है। छात्राओं ने यह भी कहा कि उन्होंने कई अन्य यूनिवर्सिटी में भी अध्ययन किया लेकिन इस तरीके का घटिया भोजन उन्हें कहीं नहीं मिला।
Recommended Video

अलाव जलाकर छात्राएं देती रही धरना
हॉस्टल से निकलने के बाद छात्राएं बीएचयू परिसर में स्थित सड़क पर पहले धरना प्रारंभ की उसके बाद धरना प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए छात्राएं कुलपति आवास के समीप पहुंच गई। नाराज छात्रों ने कुलपति आवास के बाहर बैठकर धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। छात्राओं ने कहा कि जब तक कुलपति खुद बाहर आकर उनकी बात को नहीं सुनेंगे और समस्या का समाधान नहीं किया जाएगा तब तक वे धरने पर बैठेंगी। सोमवार रात करीब 9:00 बजे के बाद धरना प्रदर्शन प्रारंभ हुआ और मध्य रात्रि तक भी कुलपति छात्राओं से मिलने के लिए नहीं आए। ऐसे में नाराज छात्राएं कुलपति आवास के बाहर अलाव जलाकर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी करती रहीं। रात भर धरना प्रदर्शन करने के बाद मंगलवार को भी छात्राएं धरने पर बैठी हैं।

दिन भर ओटी और ओपीडी में रहने के बाद मिलता है घटिया खाना
छात्राओं ने आरोप लगाया कि मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद वे बीएचयू में आई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिन भर ओटी और ओपीडी में उनकी तैनाती रहती है। तैनाती के बाद दिन भर काम काज करने के बाद सायं काल जब वह लौटकर अपने रूम पर पहुंचती हैं तो रात में उन्हें घटिया खाना दिया जाता है। छात्राओं ने बताया कि इस बात को लेकर कई बार उन लोगों ने हॉस्टल के वार्डन और डीन ऑफ स्टूडेंट से शिकायत किया। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई इसके बाद छात्राओं ने कुलपति को ईमेल भेजकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, ऐसे में जब तक उन्हें हॉस्टल में अच्छा भोजन और वाई-फाई की बेहतर सुविधा नहीं मिलेगा वे इसी तरह से धरना प्रदर्शन करती रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications