Amit Shah Varanasi visit: मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक आज, लिए जा सकते हैं कई अहम निर्णय
Amit Shah Varanasi visit: वाराणसी में मंगलवार को ताज होटल में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के अधिकारी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बैठक के उपाध्यक्ष और मेजबान होंगे। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसमें राज्य और केंद्र के बीच बेहतर तालमेल और विकास योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी बैठक में भाग लेंगे। उनके साथ संबंधित राज्यों के दो वरिष्ठ मंत्री और मुख्य सचिव भी मौजूद रहेंगे। नीति आयोग और केंद्र के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।
बैठक में विकास और कानून-व्यवस्था पर गहन चर्चा की उम्मीद
बैठक में सीमावर्ती समन्वय, कानून-व्यवस्था और आपसी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। साथ ही महिला और बाल सुरक्षा, पोषण, शिक्षा, बिजली, बैंकिंग और शहरी नियोजन जैसे विषयों को भी एजेंडे में शामिल किया गया है।
गांवों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और एफटीसी कोर्ट के बेहतर संचालन पर भी विचार किया जाएगा। केंद्र की ओर से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा और सुधार के प्रस्ताव पर सहमति बनने की संभावना है।
गृहमंत्री ने किया कालभैरव मंदिर में दर्शन
बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे कालभैरव मंदिर पहुंचे।
कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर उन्होंने काशीवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके स्वागत में एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक रास्ते में भव्य सजावट और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रात्रिभोज में परोसे गए बनारसी स्वाद
सोमवार रात ताज होटल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से रात्रिभोज का आयोजन किया गया। इसमें अमित शाह समेत सभी मुख्यमंत्री एक ही टेबल पर बैठे। भोजन पूरी तरह पारंपरिक बनारसी अंदाज़ में तैयार किया गया।
व्यंजन में बिना लहसुन-प्याज की थाली परोसी गई। इसमें अरहर की दाल, बनारसी कढ़ी, पनीर-शाक की सब्जियां, मटर मलाई कोफ्ता, बनारसी आलू दम और लौकी की जीरा-घी वाली सब्जी प्रमुख रूप से शामिल थीं।












Click it and Unblock the Notifications