Akanksha Dubey Death: मणिकर्णिका घाट पर किया गया अंतिम संस्कार, नहीं थम रहे परिजनों के आंसू, मां है बेसुध
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत के बाद सोमवार की रात में वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर आकांक्षा का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान आकांक्षा के परिजन और जनाने वाले मौजूद रहे।

भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री Akanksha Dubey मौत प्रकरण में पुलिस द्वारा जांच पड़ताल अभी जारी है। सोमवार को आकांक्षा की लाश का पोस्टमार्टम किया गया और देर शाम लाश परिजनों को सौंप दी गई। रात करीब 9 बजे परिजन लाश को लेकर काशी के मणिकर्णिका घाट पर पहुंचे और वहीं पर अंतिम संस्कार किया गया। मणिकर्णिका घाट पर आकांक्षा के माता-पिता भाई और चाचा सहित अन्य शुभचिंतक मौजूद रहे। घाट पर लाश पहुंचने के बाद जब आकांक्षा दुबे का चेहरा खोला गया तो बेटी की लाश देखकर मां फूट-फूट कर रोने लगी और बेसुध हो गई। किसी तरह उनको वहां से हटाया गया, इसके अलावा आकांक्षा के भाई और पिता का भी रो रो कर बुरा हाल था। अंतिम संस्कार करने के बाद परिजन घाट से वापस लौट गए।

चाचा ने कहा 'योगी जी हमारे साथ न्याय करें'
इस मामले में घाट पर पहुंचे आकांक्षा दुबे के चाचा मुन्ना दुबे ने रोते हुए कहा कि योगी जी कृपया हमारे साथ में न्याय करें, हमारी भतीजी आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। चाचा मुन्ना दुबे ने भी भोजपुरी सिंगर समर सिंह और समर के भाई के ऊपर आरोप लगाया। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि देखने में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बेटी आकांक्षा की हत्या करने के बाद उसकी लाश को फंदे से लटकाया गया है और उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से यही गुजारिश करेंगे कि हमारे साथ में न्याय हो, हमारी भतीजी के साथ इतना बड़ा अन्याय हुआ है। ऐसे में हम सीएम साहब से काफी उम्मीद लेकर बैठे हैं। हमें पूरा यकीन है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी हमारे साथ में न्याय करेंगे और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा जरूर देंगे।

मां की तहरीर पर दर्ज हो चुका है मुकदमा
यह भी बता दें कि इस मामले में हत्या की सूचना मिलने के बाद मुंबई से बनारस पहुंचे आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की तहरीर पर वाराणसी कमिश्नरेट के सारनाथ थाने की पुलिस ने सोमवार को मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज क्या है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस भोजपुरी सिंगर समर सिंह की तलाश कर रही है लेकिन समर सिंह को अभी पकड़ा नहीं जा सका है। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे द्वारा आरोप लगाया गया कि भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके भाई द्वारा आकांक्षा दुबे को आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। पिछले दिनों समर सिंह के भाई संजय सिंह ने आकांक्षा को जान से मारने की धमकी भी दी थी। आकांक्षा की मां का कहना है कि उनकी बेटी काफी साहसी थी और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती है।
पुलिस अधिकारी बोले जल्द उठेगा पर्दा
इस बारे में एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश सिंह द्वारा मीडिया को बताया गया कि आकांक्षा दुबे की मां की तहरीर पर भोजपुरी सिंगर समर सिंह और समर के भाई संजय सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं इसके अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही इस मामले में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications