काशी में सालों से नहीं खुला ये मंदिर? संभल के बाद अब बनारस में मुस्लिम बहुल इलाके में मिला मंदिर
Varanasi Temple News: संभल जनपद में मुस्लिम बहुल इलाके में मंदिर मिलने के बाद अब ऐसा ही एक मामला वाराणसी से भी सामने आया है। वाराणसी में भी मुस्लिम इलाके में एक मंदिर में ताला बंद होने का दावा किया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि मंदिर 250 साल पुराना है।
मामला संज्ञान में आने के बाद सोशल साइट X पर काफी संख्या में लोगों द्वारा अब मंदिर का ताला खुलवाने की मांग की जा रही है। लोगों द्वारा इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप करने मांग की गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस बारे में हिंदू संगठन सनातन रक्षक दल के पदाधिकारी द्वारा दावा किया जा रहा है कि 250 साल पुराने इस मंदिर में बीते 40 साल से ताला बंद है। हालांकि उसके पहले इस मंदिर में हिंदू धर्म के लोगों द्वारा पूजा पाठ किया जाता रहा।
संगठन के लोगों द्वारा बताया गया कि यह मंदिर वाराणसी के मदनपुरा इलाके में है। करीब 40 फीट ऊंचे इस मंदिर के अंदर मिट्टी भर गई है। हालांकि इस मंदिर में ताला किसने और कब बंद किया इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
सनातन रक्षक दल के लोगों द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि इस मंदिर का ताला खुलवाने के लिए और पूजा पाठ शुरू करवाने के लिए उन लोगों द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा गया है। फिलहाल, मामला जानकारी में आने के बाद पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
दावा यह भी किया जा रहा है कि मंदिर का जिक्र काशी खंड में भी है। ऐसे में इस मंदिर को खोलने के साथ ही साफ सफाई करके यहां पर पूजा करने की अनुमति मिलनी चाहिए। पूरे मामले की जानकारी होने के बाद डीसीपी काशी जोन खुद सोमवार को मौके पर पहुंचे।
इस बारे में उन्होंने बताया कि पुराना मंदिर मिला है। मंदिर के गेट पर ताला बंद है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर का मालिकाना हक किसके पास है इसके बारे में अभी तक कोई भी स्थानीय व्यक्ति जानकारी नहीं दे पाया है।












Click it and Unblock the Notifications