बनारस में 75 साल के बुजुर्ग ने दी कोरोना को मात, अस्पताल से किए गए डिस्चार्ज
वाराणसी। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश के वाराणसी से राहत भरी खबर आई है। यहां के 75 साल के बुजुर्ग ने कोरोना वायरस को मात दी है। संक्रमण की चपेट में आने के बाद पूरी तरह ठीक होने वाले वह वाराणसी के सबसे उम्रदराज पुरुष हैं। उनकी लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने पर घर जाने की इजाजत मिल गई। घर जाने से पहले बीएचयू के कुलपति प्रो. राकेश भटनागर खुद अस्पताल पहुंचे और बुजुर्ग को फूल देकर उनका हौसला बढ़ाया और शुभकामनाएं दीं।

17 अप्रैल को पॉजिटिव आई थी रिपोर्ट
पितरकुंडा के 75 वर्षीय सुपारी व्यापारी को शनिवार को बीएचयू अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज कर दिया गया। बुजुर्ग कारोबारी को हाइपरटेंशन, किडनी से जुड़ी समस्याओं और डायबिटीज जैसी कई दिक्कतों के कारण निजी अस्पातल से बीएचयू रेफर किया गया था। 17 अप्रैल को बीएचयू अस्पताल में हुई जांच में कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद बीएचयू में ही भर्ती करके उनका इलाज शुरू किया गया। शनिवार को उन्हें डिस्चार्ज करने पर चिकित्सकों व अस्पतालकर्मियों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
वाराणसी में लगातार तीसरे दिन नहीं आया कोई नया केस
बीएचयू के कुलपति प्रो. राकेश भटनागर ने कहा कि बिल्कुल ठीक होकर घर लौटना खुशी की बात है। अब उन्हें चाहिए कि वे खुश रहें, पौष्टिक भोजन करें और सेहत का ध्यान रखें। इस मौके पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. आरके जैन, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. एसके माथुर, कोविड-19 नोडल अधिकारी प्रो. जया चक्रवर्ती, एनाटॉमी विभाग की प्रो. रोएना सिंह समेत कई चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे। बता दें, वाराणसी में लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी कोरोनो पॉजिटिव का कोई नया मामला सामने नहीं आया। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि बीएचयू की वायरोलॉजी लैब से 108 सैंपल की रिपोर्ट मिली है, सभी निगेटिव आए हैं। अभी 203 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। हॉटस्पॉट बजरडीहा, गंगापुर और लोहता अब ग्रीन जोन में और नक्खीघाट ऑरेंज जोन में आ चुका है।












Click it and Unblock the Notifications