वाराणसी में कोरोना से पहली मौत, मौत के दो दिन बाद पॉजिटिव आई रिपोर्ट
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। 55 वर्षीय शख्स की मौत के दो दिन बाद रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। तीन अप्रैल को ही शख्स की मौत हो गई थी। इसी के साथ यूपी में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले बस्ती और मेरठ में एक-एक मरीज की मौत हुई थी। यूपी में अब कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 275 हो गई है।

गंगापुर के रहने वाले 55 साल के व्यक्ति की 3 अप्रैल को बीएचयू में मौत हुई थी। रविवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद पूरे गंगापुर इलाके को सील कर दिया गया है। व्यक्ति 15 मार्च को कोलकाता से लौटा था। 22 मार्च को इन्हें जुकाम हुआ, जिसके बाद 2 जगहों पर इनका प्राइवेट इलाज कराया गया। प्राइवेट डॉक्टरों ने बीएचयू में दिखाने को कहा, जहां जाने पर सीधे आईसीयू में भेजा गया। बीएचयू में तीन अप्रैल को इनकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमित के घर में 10 लोग हैं। सभी को आइसोलेट किया गया है और गंगापुर इलाके को सील कर दिया गया है।
डीएम वाराणसी कौशलराज शर्मा ने बताया कि 55 वर्षीय मरीज डायबिटीज और ब्लड प्रेशर से भी पीड़ित था, जिनका इलाज कई साल से चल रहा था। बीएचयू में जब वो भर्ती हुए तो उनका ब्लड प्रेशर भी ज्यादा था। इलाज पूरी तरह से किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इनके घर में दस लोग हैं। फिलहाल पूरे गंगापुर इलाके को सील कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications