केदारनाथ सीट पर उपचुनाव में महिलाओं ने दिखाया जबरदस्त उत्साह,जानिए कितनी हुई वोटिंग
kedarnath by elecion news: 07-केदारनाथ विधान सभा उप निर्वाचन में 57.64 फीसदी मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग की और से जानकारी दी गई कि निर्वाचन शांतिपूर्वक एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गया है। सायं 6 बजे तक कुल 57.64 प्रतिशत मतदान हुआ।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने सफलता पूर्वक संपन्न हुए मतदान के लिए समस्त अधिकारियों-कार्मिकों को बधाई दी है। साथ ही सभी जनपद वासियों का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 07-केदारनाथ उप निर्वाचन में कुल 57.64 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि विधान सभा उप निर्वाचन में इस बार कुल 90 हजार, 875 मतदाता थे जिनमें 45 हजार 956 महिला मतदाता तथा 44 हजार 919 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि विधान सभा के अंतर्गत सभी पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना कहीं से भी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचन हेतु मतदेय स्थलों हेतु तैनात अधिकतर पोलिंग पार्टियां आज वापस आना शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग से मिली अनुमति के बाद 07 पोलिंग पार्टियां कल प्रातः लगभग 9-10 बजे तक अगस्त्यमुनि मतगणना केंद्र में पहुंच जाएंगी।
बताया गया कि 90875 मतदाताओं में से 53526 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 44919में से कुल 25197 पुरुष और 45956 महिला मतदाताओं में से कुल 28329 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का जमकर प्रयोग किया है।
बता दें कि केदारनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की आशा नौटियाल और कांग्रेस के मनोज रावत के बीच ही सीधा मुकाबला माना जा रहा है। मतदान के बाद भाजपा, कांग्रेस अपने अपने जीत के दावे कर रही है। भाजपा ने उपचुनाव में लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रयोग के लिए केदारनाथ की जनता का आभार व्यक्त किया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वहां से प्राप्त सूचनाएं, बंपर वोटों से कमल खिलने का संकेत कर रही हैं। उन्होंने कहा, मतदान को लेकर उन्हें पोलिंग बूथ एजेंटों और कार्यकर्ताओं से उत्साहवर्धक फीड बैक प्राप्त हुआ है। जिस तरह की जानकारी सामने आ रही हैं उससे एक बात तो निश्चित है, केदारघाटी की महान जनता ने हमेशा की तरह इस बार भी विकास के मुद्दे को तरजीह दी है। केदारनाथ की जनता ने उनके अच्छे बुरे समय में उनके साथ रहने और जनसमस्याओं को उठाने वाली आशा नौटियाल पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा, वहां के मतदाताओं ने नकारात्मक राजनीति करने वालों की नकारते हुए, भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। साथ ही दावा किया, 23 नवंबर को मतगणना में अब तक के सर्वाधिक अंतर से भाजपा उपचुनाव जीतने जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता ने जिस प्रकार वोटिंग में कांग्रेस पार्टी के प्रति उत्साह दिखाया है उससे स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत भारी बहुमत से विजयी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications