उत्तराखंड कांग्रेस में क्या चल रहा? प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अध्यक्ष करन माहरा को दिया बड़ा झटका
Uttarakhand Congress उत्तराखंड कांग्रेस में एक बार फिर कलह खुलकर सामने आ गई है। ऐसे में साफ है कि उत्तराखंड कांग्रेस में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। नया विवाद उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में की गई नियुक्तियों को लेकर है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने एआईसीसी की अनुमति के बिना उत्तराखंड कांग्रेस संगठन में की गई नियुक्तियां रद्द कर दी है। प्रभारी ने एक पत्र भी जारी किया है। पत्र को प्रदेश सह प्रभारियों और नेता प्रतिपक्ष को भी भेजा गया है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को बड़ा झटका दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से अनुमति लिए बिना पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई कांग्रेस संगठन और जिला ब्लॉक संगठन में स्थायी और अस्थायी नियुक्तियों को रद्द कर दिया है।
कुमारी शैलजा ने पत्र जारी कर लिखा कि'मेरे संज्ञान में आया है कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस संगठन व जिला/ब्लॉक संगठन में कुछ स्थायी और अस्थायी नियुक्तियां की गई हैं। ऐसी सभी नियुक्तियां जो ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के बिना की गई है, उन सभी नियुक्तियों को तुरंत रद्द किया जाता है।
पार्टी की प्रदेश प्रभारी ने पत्र की प्रतिलिपियां ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और परगट सिंह समेत उत्तराखंड विधानसभा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भी भेजी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पिछले 2 साल के दौरान प्रदेश संगठन, जिला और ब्लॉक स्तर पर उपाध्यक्ष, महामंत्रियों, सचिवों, जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्तियां की थी। जिसको लेकर नया विवाद छिड़ गया है।
प्रभारी की इस कार्रवाई से साफ है कि प्रदेश अध्यक्ष की ये नियुक्तियां बिना हाईकमान के परमिशन के लिए ली गई। ऐसे में करन माहरा से हाईकमान इसको लेकर जवाब मांग सकती है। जिससे प्रदेश अध्यक्ष की मुश्किलें बढ़नी तय है।












Click it and Unblock the Notifications