सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने का उत्तराखंड से क्या है कनेक्शन, कैसे बदल रहे हरिद्वार सीट के समीकरण
सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए राजस्थान से नामांकन दाखिल किया। साफ है कि सोनिया गांधी अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। ऐसे में रायबरेली सीट से सोनिया गांधी की जगह गांधी परिवार के किसी सदस्य को लड़ाने की चर्चा तेज हो गई है।

जिसमें सबसे पहले प्रियंका गांधी का नाम लिया जा रहा है। बता दें कि प्रियंका को हरिद्वार से भी चुनाव लड़ाने की कांग्रेसी नेता मांग कर रहे हैं। ऐसे में सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने से सारे समीकरण बदले हुए नजर आ रहे हैं।
रायबरेली सीट पर गांधी परिवार के पुराने संबंध को देखते हुए ये तय माना जा रहा है कि रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाया जा सकता है। प्रियंका को लंबे समय से सक्रिय राजनीति और चुनाव लड़ाने की मांग उठती रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस के रणनीतिकार सोनिया की जगह प्रियंका को रायबरेली से उतारने की प्लानिंग में जुटे हैं।
जिससे उत्तराखंड की सियासत पर भी असर पड़ना तय है। उत्तराखंड की हरिद्वार सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लडाने की मांग हो रही है। प्रियंका को हरिद्वार से लड़ाने के पीछे कांग्रेस में एक खेमे का तर्क है कि प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव मैदान में उतारने से हरिद्वार सीट पर कांग्रेस आसानी से जीत हासिल कर सकती है। प्रियंका को टिकट देने पर पार्टी में किसी स्तर पर विरोध नहीं होगा। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में काम करेंगे।अगर प्रियंका रायबरेली से मैदान में उतरती हैं तो हरिद्वार से किसी दूसरे कांग्रेसी को टिकट मिलना तय है।
हरिद्वार सीट पर सबसे ज्यादा सक्रियता पूर्व सीएम हरीश रावत की देखी जा रही है। जो कि अपने बेटे वीरेंद्र रावत के लिए भी चुनाव लडाने की बात कर चुके हैं। इसके साथ ही पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी हरिद्वार सीट से दावा ठोक चुके हैं। प्रियंका गांधी का रायबरेली से टिकट फाइनल होने के बाद उत्तराखंड के किसी नेता को टिकट मिलना तय है।












Click it and Unblock the Notifications