बदरीनाथ हाईवे तीन दिन से बंद, कब तक बरसेगी आफत की बारिश, एसडीआरएफ देवदूत बनकर ऐसे संभाल रही मोर्चा
उत्तराखंड में मानसून की बारिश कहर बनकर बरस रही है। पहाड़ों में बारिश से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच चार धाम यात्रा पर भी बारिश का असर पड़ा है।
बदरीनाथ हाईवे तीन दिन से बंद है। ऐसे में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब यात्रा में गए यात्री जगह-जगह फंसे हुए हैं। प्रशासन के अनुसार करीब 3 हजार से ज्यादा यात्री जगह जगह मार्गों पर फंसे हुए थे।

इनमें से 1500 से ज्यादा यात्रियों को एसडीआरएफ समेत प्रशासन धीरे धीरे विपरीत परिस्थितियों में सड़क पार करा रहे हैं। इस बीच तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से बुर्जुगों, महिलाओं को हाथ पकड़कर और मासूम बच्चों को गोदी में लेकर एसडीआरएफ के जवान रास्ता पार करा रहा है। इसी तरह सामान और यात्रियों की मदद की जा रही है।
जोशीमठ कूडा डम्पिंग जोन के समीप खुलवाने का कार्य जारी
यात्रा मार्गों में फंसे यात्रियों को लिए एसडीआरफ किसी देवदूत से कम नहीं हैं। बताया गया कि जोशीमठ कूडा डम्पिंग जोन के समीप बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को खुलवाने का कार्य जारी है। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग जोशीमठ पर दुपहिया वाहनों के लिए खोल दिया गया है।।बीते दो दिनों में तीन जगह पर भारी भूस्खलन और पहाड़ी दरकने के वीडियो सामने आ चुके हैं।
पोलिंग पार्टियों को भी पहुंचवाया
एक दिन पहले बदरीनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में गई पोलिंग पार्टियों को भी प्रभावित इलाकों से जान जोखिम में डालकर मशक्कत के बाद सड़क पार कराया गया। जिनको चुनाव कराने के लिए जाते और आते समय मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ ने किसी तरह से निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को गंतव्य तक पहुंचवाया।
7 जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
आज शुक्रवार के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड के 7 जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें टिहरी, पौड़ी, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिले शामिल है। इसके साथ ही राज्य के बाकी 6 जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे हफ्ते ही राज्य में बारिश होती रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications