पोस्टल बैलेट को लेकर हरीश रावत के वायरल वीडियो ने गरमाई सियासत, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, भाजपा, कांग्रेस आमने—सामने
देहरादून, 24 फरवरी। उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के फेसबुक पेज से वायरल किए गए पोस्टल बैलेट के जरिये एक ही व्यक्ति द्वारा कई लोगों के वोट डालने संबंधी वीडियो को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस पूरे प्रकरण पर भाजपा, कांग्रेस आमने सामने आ चुकी है। कांग्रेस इस प्रकरण को फिलहाल किसी भी सूरत में छोड़ने के मूड में नहीं हैं। इधर वायरल वीडियो को लेकर निर्वाचन आयोग और पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया है। वीडियो को लेकर कोतवाली डीडीहाट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

कहां का है वीडियो नहीं हुआ साफ
प्रदेश में चुनाव निपटने के बाद से भाजपा और कांग्रेस में रार थमने का नाम नहीं ले रही है। पोस्टल बैलेट को लेकर कांग्रेस जिस तरह की आशंका जता रही थी, उसको सामने लाने के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक वीडियो अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया है। हालांकि इसमें जगह और समय का कोई खुलासा नहीं किया हुआ है। वायरल वीडियो में सेना की वर्दी में दिख रहा एक ही व्यक्ति अन्य लोगों के पोस्टल बैलेट से मतदान करता हुआ दिख रहा था। जिसमें उसकी अपने साथियों के साथ एक ही उम्मीदवार या पार्टी या फिर किसी अन्य को वोट देने की बातचीत भी साफ सुनाई दे रही है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद जिले की डीडीहाट विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप पाल ने मंगलवार को ही डीडीहाट के आरओ अनुराग आर्या को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी, मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार को कोतवाली डीडीहाट में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम तथा मतदान की गोपनीयता भंग करने संबंधी आईपीसी की धाराओं-153 डी, एस और 124 व 128 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि मामला किस जगह का है ये अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन उसे सुनकर लगता है कि यह डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है। मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कहा कि वीडियो की सत्यता की निष्पक्ष जांच होगी। पुलिस हर पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
वायरल वीडियो को लेकर जमकर राजनीति
इधर वायरल वीडियो को लेकर जमकर राजनीति भी शुरू हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा है कि बिना किसी पुख्ता प्रमाण और जांच के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का सैनिकों के मतदान को लेकर चुनाव की गोपनीय प्रक्रिया का वीडियो वायरल करना भारतीय सेना का अपमान है। जो साबित करता है कि कल तक दिवंगत जनरल विपिन रावत के कट आउट लगाकर प्रचार करना, कांग्रेस पार्टी का वीर जवानों के प्रति सम्मान का ढकोसला मात्र था। जबकि कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से इस पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात की है। साथ ही पोस्टल बैलेट की मतदान प्रक्रिया को बदलने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है सत्ताधारी पार्टी अपनी सत्ता का दुरूपयोग कर चुनावी परिणाम को बदलने की कोशिश में जुटी हुई है। इससे पहले कांग्रेस ईवीएम की सुरक्षा को भी आशंका जता चुकी है। जिसके लिए कांग्रेस ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं को स्ट्रांग रूम में तैनात कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications