Vinay Tyagi कुख्यात बदमाश की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत, पेशी पर जाते समय बदमाशों ने चलाई थी गोलियां
Vinay Tyagi Uttarakhand News कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसका ट्रॉमा सेंटर मे उपचार चल रहा था। विनय त्यागी को तीन दिन पहले पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी पर जाते समय बदमाशों ने गोली चलाई थी।
पुलिस वाहन में फायरिंग के दौरान विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोली लगी थी। विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में बुधवार को लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी। उसे लक्सर कोर्ट लाया जा रहा था। इसी दौरान दो बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर गोलियां चला दी। इस दौरान विनय त्यागी को भी गाेली लगी थी।

बुधवार की दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर ओवर ब्रिज पर वारदात हुई। रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी थी। कारागार से चालक सहित छह पुलिसकर्मी सरकारी टाटा सूमो वाहन में उसे पेशी पर लक्सर लेकर आ रहे थे।
जब वाहन फ्लाई ओवर के बीच पहुंचे तो यहां जाम के दौरान सामने वाहन होने के कारण उन्हें वाहन को रोकना पड़ा। इसी दौरान घात लगाकर मौजूद दो बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस के वाहन पर अंधाधुन गोलियां बरसा दी। वाहन में मौजूद विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी, वह वाहन में ही गिर गया जबकि पुलिसकर्मियों को चोट आई।
बदमाश भीड़ के बीच हथियार लहराते हुए मौके से भाग निकले। घायल अवस्था में विनय त्यागी को लक्सर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में घायल बदमाश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था।
आरोपी दोनों शूटरों को पुलिस ने घटना के दूसरे दिन खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार किया था।
उन्हें रुड़की की जगह हरिद्वार जेल में शिफ्ट किया गया था। मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा निवासी गुलजारपुर थाना काशीपुर (ऊधमसिंहनगर) ने पैसों के लेनदेन के विवाद में साथी अजय निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर के साथ विनय त्यागी की हत्या के इरादे से उस पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है।












Click it and Unblock the Notifications