ऊधमसिंहनगर के बाजपुर मंडी में मार्केटिंग इंस्पेक्टर को 50 हजार की रिश्वत लेते विजिलेंस ने दबोचा, सामने आई वजह
उत्तराखंड में विजिलेंस ने ऊधमसिंहनगर के बाजपुर मंडी में मार्केटिंग इंस्पेक्टर को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मंडी में तैनात अफसर ने पीड़ित से सरकारी धान की कुटाई, बुलाई, सफाई आदि के एवज में मिलने वाली रकम के प्रति कुंतल के हिसाब से घूस मांगी थी।

जिसके बदले 50 हजार रुपए लेते आज विजिलेंस ने पकड़ लिया। विजिलेंस अभियुक्त से पूछताछ कर रही है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर जरुरी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कर्मचारी का ट्रेक रिकॉर्ड और संपत्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बन्नाखेड़ा में राईस मिल है, उनके द्वारा सरकारी धान को लेकर उसका चावल बनाकर सरकार को दिया जाता है। जिसमें सरकार उनको कुटाई, बुलाई, सफाई आदि के पैसे देती है। केन्द्र में तैनात मोहन सिंह टोलिया विपणन अधिकारी द्वारा उनसे 19.50 रूपये प्रति कुन्तल की दर से घूस मांगी जा रही है।
जिसके लिए पीड़ित ने विजिलेंस को कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर हल्द्वानी ने पहले गोपनीय जांच कीं जिसमें प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया गया। आज टीम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए विपणन अधिकारी (Marketing inspector) मोहन सिंह टोलिया, निवासी केयर ऑफ कृष्ण कुमार संजय कालोनी मण्डी बाजपुर, जिला ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से पचास हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये कार्यालय वरिष्ठ विपणन अधिकारी, खाद्य विभाग बाजपुर ऊधमसिंहनगर से रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्त से पूछताछ जारी है। विजिलेंस के निदेशक डॉ0 वी0 मुरूगेशन द्वारा ट्रैप टीम को नगद पुरूस्कार से पुरूस्कृत करने की घोषणा की गयी है। साथ ही उन्होंने जनता से सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नम्बर 9456592300 पर 24X7 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications