विजिलेंस की कार्रवाई से हड़कंप, हरिद्वार के जीएसटी कार्यालय में बाबू को दबोचा, हल्द्वानी में एएसआई अरेस्ट
Vigilance उत्तराखंड में विजिलेंस की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। हरिद्वार जिले में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। टीम ने डाटा एंट्री ऑपरेटर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ने क्लर्क को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की। उधर हल्द्वानी में मुकदमे को निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए एएसआई गिरफ्तार हुआ है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतर्कता अधिष्ठान यानी विजिलेंस को एक शिकायत मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री साल 2021 में बंद हो चुकी है। ऐसे में जीएसटी लागू होने से पहले साल 2017 के आखिरी तीन महीने के वैट टैक्स के निपटान के संबंध में विभाग ने 1 लाख 76 हजार रुपए का बकाया बताया था।
प्रकरण को निपटाने के एवज में जीएसटी कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल ने शिकायकर्ता से कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपए नगद की मांग की और राशि किस्तों में देने को कहा। शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और कार्रवाई की। रोशनाबाद स्थित सहायक आयुक्त राज्य कर खंड 3 कार्यालय के पास डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल पुत्र शिव शरण सेमवाल निवासी सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारिका विहार, जगजीतपुर (हरिद्वार) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एक शिकायतकर्ता द्वारा सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई गई कि उसके नाम पर थाना गदरपुर में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद द्वारा की जा रही थी। शिकायत के अनुसार एएसआई अनवर अहमद ने मुकदमे को निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत के बाद 24 फरवरी 2026 को सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए एएसआई अनवर अहमद, थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications