उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का 30 मई को उत्तराखंड दौरा, कैंची धाम भी जाएंगे, ट्रैफिक डायवर्ट प्लान जारी
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के उत्तराखंड दौरे को लेकर शासन से लेकर प्रशासन स्तर तक तैयारियां तेज हो गई हैं।अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ नैनीताल और उधम सिंह नगर जाएंगे।
मिली जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 30 मई को उत्तराखंड पहुंचेंगे, जहां से वह कैंची धाम जाएंगे, इसके बाद वो जीबी पंत यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

उत्तराखंड मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट और हैलीपेड के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर तय SOP के आधार पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही इस पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के आयुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमाऊं मौजूद रहे. इसके अलावा उधम सिंह नगर और नैनीताल के जिलाधिकारी और SSP को भी तैयारियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए गए। पुलिस की ओर से डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।
पर्वतीय रूट पर यह रहेगा डायवर्जन
- नैनीताल शहर से बाहर जाने वाले वाहन रुसी-2 से रुसी 1 को डायवर्ट कर कालाढूंगी भेजा जाएगा।
- रानीखेत, अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ से भवाली को आने वाला ट्रैफिक वीवीआईपी के प्रोग्राम के दौरान क्वारब से शीतला होते हुए खुटानी आएगा।
- फ्लीट के जाने के पश्चात भवाली से हल्द्वानी आने वाला ट्रैफिक भवाली से भीमताल तिराहा काठगोदाम तक वन-वे रहेगा।
- नैनीताल से अल्मोड़ा जाने वाला ट्रैफिक सुबह 9 बजे तक भवाली तिराहा से रामगढ़ तिराहा-शीतला होते हुए क्वारब जाएगा।
- भवाली, भीमताल से हल्द्वानी जाने वाला ट्रैफिक प्रातः आठ बजे तक ज्योलिकोट होते हुए हल्द्वानी जाएगा।
हल्द्वानी शहर के लिए यह रहेगा डायवर्जन
- रामपुर रोड से नैनीताल, भीमताल, कैंचीधाम, अल्मोड़ा को जाने वाले समस्त वाहन पंचायतघर तिराहा से डायवर्ट होकर आरटीओ रोड होते हुए हनुमान मंदिर से वाया कालाढूंगी होकर जाएंगे।
- बरेली रोड से नैनीताल, भीमताल, कैंचीधाम, अल्मोड़ा जाने वाले समस्त वाहन मोतीनगर तिराहा से डायवर्ट होकर पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए हनुमान मंदिर से वाया कालाढूंगी होकर जाएंगे।
- चोरगलिया रोड से नैनीताल, भीमताल, कैंचीधाम, अल्मोड़ा को जाने वाले समस्त वाहन कुंवरपुर तिराहा से डायवर्ट होकर गौलापुल से तीनपानी होते हुए शीतल होटल तिराहा, पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए हनुमान मंदिर से वाया कालाढूंगी होकर जाएंगे।
- कालाढूंगी रोड से आने वाले समस्त वाहन नैनीताल तिराहा कालाढूंगी से डायवर्ट होकर अपने गंतव्य को जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications