उत्तरकाशी टनल में फंसे 41 मजदूर कभी भी आ सकते हैं बाहर, रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लेने पहुंचे CM धामी
Uttarkashi tunnel rescue CM Pushkar Singh Dhami: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिल्कयारा सुरंग स्थल पर आज (23 नवंबर) सुबह 11 बजे पहुंचे है। सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान आज 12वें दिन जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन आज आखिरी चरण में है। टनल में फंसे 41 मजदूर कभी भी बाहर आ सकते हैं।
ये तीसरी बार है, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद सिल्कयारा सुरंग घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जायजा लेने पहुंचे हैं। सीएम धामी ने कहा कि, ''ऑगर मशीन के जरिए 45 मीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। बचाव अपने आखिरी चरण में है। कुछ बाधाएं आ रही हैं लेकिन हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि जल्द से जल्द सभी मजदूर बाहर आ जाएं।''

सीएम धामी ने कहा कि, ''बचाव के बाद की तैयारियां कर ली गई हैं। एम्बुलेंस और अस्पताल बाहर निकाले जाने वाले मजदूरों के चेकअप और इलाज के लिए तैयार है... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर दिन बचाव अभियान पर अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने आज भी अपडेट लिया है। हमारे एक्सपर्ट्स मजदूरों को बचाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं...।''
एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने बताया, " एनडीआरएफ उन सभी स्थितियों के लिए तैयार है जो हमारे सामने आ सकती हैं। हमने विशेष उपकरण भी तैयार किए हैं ताकि जैसे ही रास्ता खुलता है हम उन्हें, मजदूरों जल्द से जल्द बाहर निकाल पाएं... उम्मीद है कि हम जल्द ही मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल पाएंगे।"
पीएमओ के पूर्व सलाहकार भास्कर खुल्बे भी वहां मौजूद पर पहुंचे हैं। भास्कर खुल्बे ने कहा, ''हम अभी कोशिश कर रहे हैं कि 45 मीटर के आगे 6 मीटर और जाने के लिए जो पाइप वेल्डिंग करनी होती है, वे हम तैयार कर रहे हैं। रात में 45 मीटर के मुंह पर कुछ स्टील की संरचना सामने आ गई थी। उसको अंधेरे और बिना ऑक्सीजन के जगह पर काटने में हमें 6 घंटे लगे। हम उस पूरे हिस्से को साफ कर चुके हैं।"












Click it and Unblock the Notifications