Uttarkashi: टनल के गेट पर 41 एम्बुलेंस, चिनूक हेलीकॉप्टर, ग्रीन कॉरिडोर...जानें क्या-क्या हैं तैयारियां?
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में ध्वस्त सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को बचाने का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। 17 दिनों से टनल में फंसे श्रमिकों को आज यानी मंगलवार को बाहर निकाल लिया जाएगा। यह जानकारी एनडीएमए ने साझा की है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों को निकालने में 3-4 घंटे लगेंगे। बचाव अभियान के दौरान स्टैंडबाय पर एम्बुलेंस को सुरंग के पास ही रखा गया है।
मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राज्य सरकार के सूचना विभाग के प्रभारी बंसी धर तिवारी ने ड्रिलिंग पूरी होने की घोषणा की। कुछ ही समय बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि ड्रिल किए गए मार्ग में एस्केप पाइप बिछा दिया गया है और सभी श्रमिकों को जल्द ही बाहर निकालने के बारे में आशा व्यक्त की। आइए जानते हैं क्या-क्या हैं तैयारियां?

चिनूक हेलीकॉप्टर पहुंचा चिन्यालीसौड़
सूत्रों ने बताया कि सभी मजदूरों का स्वास्थ्य ठीक है। सुरंग के अंदर मेडिकल की टीम मौजूद है। किसी भी वक्त मजदूरों को बाहर लाया जा सकता है। सुरंग से श्रमिकों को निकालने के बाद चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर चिनूक हेलीकॉप्टर एयरलिफ्ट के लिए मौजूद है।
अलर्ट मोड पर ऋषिकेश एम्स
ऋषिकेश एम्स अलर्ट मोड पर है। ट्रॉमा सेंटर सहित 41 बेड का वार्ड तैयार हैं। ट्रॉमा सर्जन सहित कार्डियक और मनोरोग स्पेशलिस्ट डॉक्टर की टीम तैयार। तीन हेलीकाप्टर एक साथ ऋषिकेश एम्स के हैलीपैड पर उतारे जा सकते हैं। गंभीर स्तिथि में श्रमिकों को लाया जा सकता है।
टनल में अस्थायी चिकित्सा सुविधा
वहीं, बचाव अभियान के चलते सुरंग के अंदर अस्थायी चिकित्सा सुविधा का विस्तार किया गया है। फंसे हुए मजदूरों को निकालने के बाद यहीं पर स्वास्थ्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 8 बेड की व्यवस्था की गई है और डॉक्टरों व विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई है।
41 एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर , ग्रीन कॉरिडोर तैयार
सुरंग के एंट्री गेट पर 41 एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर हैं, जो श्रमिकों को निकटतम चिकित्सा सुविधा तक ले जाने के लिए तैयार हैं। ग्रीन कॉरिडोर स्थापित किया गया है। जिससे बचाए गए श्रमिकों को सुरंग से 30 किमी दूर स्थित चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जल्दी पहुंचाया जा सके। 41 ऑक्सीजन से सुसज्जित बिस्तरों वाला एक निर्दिष्ट वार्ड भी स्थापित किया गया है, जो प्रत्येक कर्मचारी को त्वरित चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications