Uttarkashi Tunnel Rescue: 1.6 मीटर की मैनुअल ड्रिलिंग पूरी, हटाए गए बरमा मशीन के हिस्से
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को बचाने का मिशन सोमवार को यानी 16वें दिन भी लगातार जारी है। सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों का स्वास्थ्य ठीक है। मैनुअल ड्रिलिंग के साथ ऊपर से रास्ता बनाने का काम तेज हो गया है। करीब 1.6 मीटर की मैन्युअल ड्रिलिंग का कार्य किया जा चुका है। 1.6 मीटर तक पाइप डाला गया। बचाव अभियान में रैट माइनर्स को भी लगाया गया है।
बीते दिन यानी रविवार दोपहर को सिलक्यारा में पहाड़ी की वर्टिकल ड्रिलिंग शुरू हुई। तेज गति से किए गए ऑपरेशन में, मशीन पहले ही पहाड़ी के 30 मीटर से अधिक हिस्से में ड्रिल कर चुकी है। आइए जानते हैं कहां तक पहुंचा बचाव अभियान?

- सचिव उत्तराखंड शासन डॉ. नीरज खैरवाल ने बताया कि पाइप में फंसे ऑगर मशीन की ब्लेड एवं सॉफ्ट को काटने का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही ऑगर मशीन के हेड को निकाल लिया गया है। पूर्व में 1.9 मीटर पाइप काटा गया था। अब मैन्युअली काम करते हुए पाइप को 0.9 मीटर आगे धकेल दिया गया है।
- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अनुसार, मैनुअल ड्रिलिंग छह सदस्यों की एक टीम द्वारा की जाएगी, जो तीन के समूह में काम करेगी। एनडीएमए के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने कहा कि ऑगर मशीन के टूटे हुए ब्लेड को आज सुबह पूरी तरह से पाइप से निकाल लिया गया है। इस कार्य में के दौरान कुछ बाधाएं आईं। लेकिन, अब नुकसान की भरपाई कर ली गई है। अब भारतीय सेना के इंजीनियरों, रैट माइनरों और अन्य टेक्नीशियन के सहयोग से आज रात मैन्युअल तकनीक का प्रयोग किया जाएगा।
- लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने यह भी बताया कि खुदाई रैट माइनरों द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद से लाए गए प्लाज्मा कटर की मदद से बरमा मशीन के टूटे हुए हिस्सों को मलबे से हटा दिया गया है। निजी और सार्वजनिक दोनों एजेंसियां बचाव अभियान में शामिल हैं।
- लेफ्टिनेंट जनरल हसनैन ने बताया कि सरकार बचाव अभियान चलाने के लिए हर संभव संसाधन ला रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के ऑपरेशन में, जब भूविज्ञान हमारे खिलाफ है और प्रौद्योगिकी हमारे खिलाफ है, तो हम कोई अनुमान नहीं लगा सकते। हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद ने कहा कि सुरंग में वर्टिकल ड्रिलिंग 30 नवंबर तक पूरी हो जाएगी।
पीएम मोदी ने लिया अपडेट
इससे पहले आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने उत्तराखंड की सिल्क्यारा सुरंग का दौरा किया। उन्होंने बचाव अभियान का जायजा लिया और वहां फंसे मजदूरों से बातचीत भी की।
अडानी ग्रुप ने सुरंग के निर्माण में खुद को किया अलग
इस बीच, अडानी ग्रुप ने स्पष्ट किया है कि वह ध्वस्त हुई उत्तराखंड सुरंग के निर्माण में शामिल नहीं है। यह हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ तत्व हमें उत्तराखंड में एक सुरंग के दुर्भाग्यपूर्ण ढहने से जोड़ने का नापाक प्रयास कर रहे हैं। समूह के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि हम इन प्रयासों और उनके पीछे के लोगों की कड़ी निंदा करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications